मधु कोड़ा को भूल गई कांग्रेस, जिनसे 3,633 करोड़ लुटवा दिएः भाजपा

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण प्रभाकर ने किया डॉ. अजय पर पलटवारकहा, कांग्रेस अध्यक्ष पहले अपना घर संभालें, फिर राज्य की चिंता करें

रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण प्रभाकर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार पर पलटवार करते हुए कहा कि वह अपनी पार्टी की चिंता करें। मुख्यमंत्री रघुवर दास के रहते उन्हें राज्य की चिंता करने की जरूरत नहीं। डॉ. अजय निर्दलीय मुख्यमंत्री मधु कोड़ा को भूल गए क्या? कांग्रेस ने मधु खा लिया और कोड़ा खाने के लिए उन्हें छोड़ दिया।
मंगलवार को प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि निर्दलीय मधु कोड़ा को मुख्यमंत्री बनाने का मामला झारखंड के इतिहास का काला अध्याय है। इसकी जिम्मेदारी से कांग्रेस बच नहीं सकती।

उन्हें कांग्रेस ने मुख्यमंत्री बनाकर राज्य के 3,633 करोड़ रुपये लुटवा दिए। इस मामले में न्यायालय में आरोप भी गठित हो चुका है।प्रभाकर ने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास के सक्षम नेतृत्व में राज्य का चहुंमुखी विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री पर सवाल उठाने के पहले डॉ. अजय कुमार को राज्य के विकास के आंकड़ों को परख लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गांव और गरीब के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में राज्य का तेजी विकास हो रहा है। नीति आयोग ने राज्य को विकास वृद्धि दर में देश में दूसरे स्थान पर रखा है। इज ऑफ डूइंग बिजनेस में झारखंड टॉप 4 में है।

राज्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना और मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना के माध्यम से 35 लाख किसानों को 5000 करोड़ का लाभ मिलेगा। विकास के बल पर ही भाजपा विधानसभा चुनाव में 65 से ज्यादा सीटें जीतेगी। महागठबंधन फिर धराशायी होगा।प्रभाकर ने कहा कि डॉ. अजय सत्ता के लिए चारा घोटाल में सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव और झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन की चौखट पर झुक रहे हैं। उनके लिए लालू और हेमंत भ्रष्टाचारी नहीं हैं। प्रभाकर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में महागठबंधन और कांग्रेस को जनता ने खरिज कर दिया है। विधानसभा चुनाव में भी भ्रष्टाचारी गठबंधन को जनता सबक सिखाएगी।
प्रभाकर ने कहा कि डॉ. अजय पर तो उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को ही भरोसा नहीं। कांग्रेस भवन में उनके ही खिलाफ नारे लग रहे हैं और धक्का-मुक्की हो रही है। उनके सामने पुतले फूंके गये। डॉ. अजय पहले अपना घर संभालें, फिर राज्य की चिंता करें। उनके नेतृत्व में कांग्रेस और महागठबंधन को जनता ने खारिज कर दिया है।

This post has already been read 7257 times!

Sharing this

Related posts