सुषमा स्वराज स्पेन के ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ सिविल मेरिट’ से सम्मानित

नई दिल्ली। यूरोपीय देश स्पेन की सरकार ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को स्पेन के प्रतिष्ठित सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ सिविल मेरिट’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान स्पेन सरकार की ओर से अप्रैल-2015 में नेपाल से 71 स्पेनिश नागरिकों को बचाने के लिए भारत सरकार द्वारा चलाए ‘ऑपरेशन मैत्री’ के लिए दिया गया। इस मौके पर स्वराज ने कहा कि ये पूरे भारत के लिए और हमारे विश्व बंधुत्व भावना के प्रयासों के लिए सम्मान है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अपनी तीन देशों, बुल्गारिया, मोरक्को, स्पेन की यात्रा के तीसरे चरण में यूरोपीय देश स्पेन पहुंची।
स्पेन की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान सबसे पहले विदेश मंत्री ने स्पेन में रह रहे भारतीय समुदाय से मुलाकात की। स्वराज ने कहा कि अपनी विदेश यात्राओं के दौरान उनकी हमेशा कोशिश होती है कि अपनी मिट्टी से दूर विदेशों में रह रहे भारतीय समुदाय से मिला जाए और उनकी बात सुनी जाए। स्पेन में रह रहे भारतीय समुदाय से मुलाकात के दौरान स्वराज ने कहा कि आप लोगों की भारत-स्पेन द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देने में अहम भूमिका है।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने अपनी तीन देशों की यात्रा बुल्गारिया से शुरू की थी। जहां भारत-बुल्गारिया द्विपक्षीय वार्ता के बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज बुल्गारिया के सोफिया में बनी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पहुंची और पुष्पाजंली अर्पित की। अपनी बुल्गारिया यात्रा के दौरान विदेश मंत्री ने बुल्गारिया की विदेश मंत्री एकातेरिना ज़हरायावा से मुलाकात की। भारत-बुल्गारिया के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें दोनों देशों के बीच अर्थव्यवस्था, कृषि, स्वास्थ्य, फार्मा, सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान एवं तकनीकी, पर्यटन एवं संस्कृति के क्षेत्र में आपसी सहयोग को लेकर बात हुई। बुल्गारिया यात्रा के दौरान सोफिया में भारतीय समुदाय के साथ बातचीत भी की। बुल्गारिया के बाद मोरक्को गई विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मोरक्को के विदेश मंत्री नासिर बाउरिता से मुलाकात की। दोनों ने भारत-मोरक्को राजनयिक संबंधों को लेकर विस्तार से चर्चा की। स्वराज मोरक्को के गणमान्य राजनेताओं से भी मिली। स्पेन यात्रा के बाद विदेश मंत्री भारत लौट आएंगी।

This post has already been read 8022 times!

Sharing this

Related posts