रांची । देश में खेलों के विकास से जुड़े प्रमुख संगठन स्टेयर्स (सोसाइटी फार ट्रांसफार्मेशन, इंक्लुयजन एंड रिकाग्निशन विद स्पोर्टस) ने झारखंड में अपना कार्यालय खोल दिया है। स्टेयर्स ने श्रीदेव सिंह को संगठन के झारखंड बोर्ड का अध्यक्ष बनाया है।
बुधवार को यह जानकारी स्टेयर्स के मुख्य सलाहकार व अवकाश प्राप्त आईएएस अधिकारी एसके मिश्र ने दी। उन्होंने कहा कि झारखंड में खेलों के विकास एवं संवर्धन के प्रति स्टेयर्स प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि झारखंड के गांवों में खेल प्रतिभाएं छिपी हुई है, उनको निखारने का काम स्टेयर्स करेगा। हरियाणा में खेल स्कूल की स्थापना वर्ष 1972 में की गयी थी, जो आज खेल विश्वविद्यालय का स्वरूप ले चुका है।
स्टेयर्स के संस्थापक व महासचिव सिद्धार्थ उपाध्याय ने बताया कि राज्य में खेलों के विकास के लिए हर गांव में खेल युवा क्लब बनाया जायेगा। यह क्लब प्रतिभावान बच्चों को प्रशिक्षण देकर ओलंपिक स्तर का खिलाड़ी बनाने में मदद करेगा। यह काम जल्द शुरू किया जायेगा। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द इससे संबंधित कार्यक्रमों की घोषणा की जायेगी। इस मौके पर झारखंड बोर्ड अध्यक्ष श्रीदेव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के फिट इंडिया पहल के तहत खेल संवर्धन के क्षे़त्र में काम करना है। राज्य के प्रत्येक गांव में हर घर तक खेल गतिविधियों को पहुंचाना ही स्टेयर्स का उद्देश्य है। सिंह ने निजी संगठनों, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों से स्टेयर्स के साथ हाथ मिलाने का आहवान भी किया है।
This post has already been read 7415 times!