नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में शुक्रवार को पार्टी नेताओं के एक विशेष समूह ने दो राज्यों के विधानसभा चुनावों के बाद आगे की रणनीति तैयार करने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए बैठक की। इस समूह को सोनिया गांधी ने तैयार किया है, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित वरिष्ठ एवं युवा नेता शामिल हैं। इस समूह की बैठक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के घर पर हुई। बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बताया कि सोनिया गांधी के नेतृत्व में एक विशेष बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में देश के हितों से हो रहे खिलवाड़ और किसान व व्यापारियों के हितों की हो रही नजर अंदाजी पर चर्चा की गई। पार्टी ने इसके लिए अलग से पत्रकार वार्ता भी आयोजित की है, जिसमें इन विषयों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। बताया जा रहा है कि बैठक में असम में चल रहे राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर का मुद्दा भी उठा है। इसके अलावा शीतकालीन सत्र की रणनीति पर भी विचार हुआ है। इस समूह में कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला, युवा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल हैं। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को इसमें शामिल नहीं किया गया है।
This post has already been read 8283 times!