दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड

– दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज, पालम में कोहरे की वजह से विजिबिलिटी जीरो
– एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों से अपनी फ्लाइट के बारे में अपडेट लेने की सलाह दी

नई दिल्ली। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 16 डिग्री तक रहने की संभावना है। इसके अलावा उत्तर भारत में भी ठंड बढ़ी हुई है। पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश में घना कोहरा है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी हो रही है। दिल्ली के पालम में सुबह सात बजे कोहरे की वजह से विजिबिलिटी जीरो दर्ज की गई है। खराब मौसम के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन प्रभावित है। टेक-ऑफ और लैंडिंग जारी है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों से अपनी फ्लाइट के बारे में अपडेट लेने की सलाह दी है। गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 15.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले साल 28 दिसम्बर को न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हवा में नमी का स्तर 82 से 100 फीसद रहा। दिन भर बादल छाए रहे। पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान से जम्मू कश्मीर के पास आ चुका है। इसके कारण पर्वतीय राज्यों में बारिश और हिमपात होने की संभावना है, क्योंकि यह पश्चिमी हिमालयी भागों तक पहुंच सकता है। इसके आने से पहाड़ी राज्यों का मौसम बदल जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश हो सकती है। इस बीच, निचले क्षेत्रों में कम तापमान के कारण नैनीताल, मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना के साथ बारिश और गरज के साथ वर्षा हो सकती है। इसके कारण मैदानी राज्यों में आंशिक तौर पर बादल छा सकते हैं। पंजाब, हरियाणा, चण्डीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में ठंड बढ़ सकती है। दिल्ली में प्रदूषण अभी परेशान नहीं करेगा। मध्य भारत में मौसम शुष्क रहेगा। उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मौसम ठंडा रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक कड़कड़ाती ठंड से लोगों को दो-चार होना होगा। उत्तराखंड के पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी है। उत्तरकाशी और औली में जमकर बर्फ गिरी है। बर्फबारी के चलते पूरा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है। हालात को देखते हुए नैनीताल में सभी स्कूलों को अगले दो दिन तक बंद कर दिया गया है। उत्तराखंड के अलावा जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में जबरदस्त बर्फबारी हुई है।

This post has already been read 8667 times!

Sharing this

Related posts