कुपवाड़ा। कुपवाड़ा जिले के माछिल सेक्टर में शनिवार को नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा की गई भारी गोलीबारी में भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया। भारतीय जवान भी पाकिस्तानी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।शनिवार सुबह पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के जिले के माछिल सेक्टर की नियंत्रण रेखा पर स्थित भारतीय चौकियों को निशाना बनाकर गोलीबारी की। इस दौरान पाकिस्तानी सेना ने सेक्टर के रिहायशी इलाकों पर भी मोर्टार दागे। पाकिस्तान द्वारा की गई इस गोलीबारी में सेना का एक जवान गम्भीर रूप से घायल हो गया। जवान को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने के कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया। शहीद जवान की पहचान 57 आरआर के लांस नायक राजेंद्र सिंह के रूप में हुई। भारतीय जवान भी पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का करारा जवाब दे रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक फिलहाल दोनों ओर से गोलीबारी जारी थी।
This post has already been read 6457 times!