रांची । भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने कहा कि रघुवर सरकार राज्य में अच्छा कार्य कर रही है। जनता उनके कार्यों से प्रसन्न है। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता चुनावी मूड में आ गया है। कार्यकर्ता मंडल से लेकर बूथ स्तर तक चुनाव की तैयारी में जुट गये हैं। माथुर शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वह दो दिवसीय दौरे पर रांची आये हैं। आज कोर कमेटी की बैठक हुई। मुख्यमंत्री रघुवर दास भी शामिल हुए। बैठक में जो फीड बैक मिला है, उसके अनुसार हम झारखंड विधानसभा चुनाव में 65 पार के लक्ष्य को लेकर मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से झारखंड में फिर भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिहाज से यह उनका नौंवा राज्य है। बूथ को केंद्रित कर चुनाव लडेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजना गांव, गरीब, किसानों तक पहुंची है। 35 लाख गैस कनेक्शन उज्जवला योजना के तहत दिया गया है। सरकार के विकास के कार्यों को लेकर हम जनता के बीच जायेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता से हम जितना संवाद करेंगे, वह उतना ही मेहनत करेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड में 65 पार के लक्ष्य के लिए कार्यकर्ता से संवाद और स्नेह की जरूरत है।
यह पूछे जाने पर क्या विधानसभा चुनाव में आजसू गठबंधन में रहेगी। इस पर उन्होंने कहा कि आजसू के साथ हमारा एलायंस पुराना है। भाजपा ने गठबंधन धर्म को निभाया है। हर किसी को अपनी अपनी बात रखने का हक है। एलायंस के सहयोगी के साथ बैठ कर चर्चा कर लेंगे। कश्मीर से अनुच्छे 370 हटने को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पर देश की जनता को दिग्भ्रमित करने का काम कर रही है। कांग्रेस भी जानती है कि 370 हटने से लोगों को फायदा होगा।
यह पूछे जाने पर कि कश्मीर जाने वालों कांग्रेस नेताओं को रोका जा रहा है, उन्होंने कहा कि विपक्ष के जो भी नेता कश्मीर जा रहे हैं, वे माहौल खराब करने के लिए जा रहे हैं। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि विरोधी को कभी कम नहीं आंकना चाहिए। उनसे पूछा गया था कि झामुमो और कांग्रेस को आप किस तरह आंकते हैं। प्रेस कांफ्रेंस में झारखंड विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी नंद किशोर यादव, पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी राम विचार नेताम, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा मौजूद थे।
This post has already been read 6805 times!