कोलकाता। केंद्र की सरकार में दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को न्योता मिला है। मंगलवार को राज्य सचिवालय के सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। 31 मई को नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले हैं। इसमें देशभर के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण भेजा गया है। इसी कड़ी में ममता भी आमंत्रित की गई हैं। मुख्यमंत्री के करीबी सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि शपथ ग्रहण समारोह में ममता का जाना तय है।
दरअसल लोकसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के बीच काफी कड़वाहट देखी गई थी। राज्य के लोगों के बीच इसका गलत संदेश गया है और लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा को उसका फायदा मिला है। पार्टी ने राज्य की 42 में से 18 सीटों पर कब्जा कर लिया है। चुनाव के दौरान ममता बनर्जी ने कहा था कि वह नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री नहीं मानतीं। इसका भी नुकसान उठाना पड़ा है। इसीलिए अब मुख्यमंत्री इस तरह का कोई रिस्क लेना नहीं चाहती हैं।
अगले साल राज्य में नगर पालिका चुनाव है और उसके बाद विधानसभा का चुनाव होना है। ऐसे में मुख्यमंत्री राज्य और केंद्र के बीच के रिश्ते पर जमी कड़वाहट की बर्फ को भी पिघलाना चाहती हैं। इसलिए बहुत हद तक संभावना है कि सीएम इसमें शामिल होंगी।
वैसे आधिकारिक तौर पर इस बारे में पुष्टि नहीं की गई है लेकिन सचिवालय के एक उच्च पदस्थ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इसमें जाने का मन बनाया है। इसके लिए 31 दिसंबर को उनका सारा कार्यक्रम आगे बढ़ाया जा रहा है। नगर निगम की ओर से इस दिन आयोजित होने वाले सरकारी इफ्तार की तारीख भी आगे बढ़ा दी गई है क्योंकि इसमें मुख्यमंत्री को शामिल होना था।
This post has already been read 9387 times!