रांची। रांची के सांसद संजय सेठ ने कहा कि करमटोली तालाब पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र होगा। तालाब का सौंदर्यीकरण हो जाने से रांची के लोगों को टहलने और समय बिताने के लिए एक अच्छी जगह मिल जायेगी। सेठ बुधवार को करमटोली तालाब के सौंदर्यीकरण का निरीक्षण कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि तालाब का पानी स्वच्छ रहने से जल के भीतर रहने वाले जीव जंतु स्वस्थ रहेंगे। साथ ही पर्यावरण की भी सुरक्षा होगी। उन्होंने आम लोगों से तालाब के जल को स्वच्छ रखने और इसे साफ सुथरा रखने का आहवान किया है। पूजा पाठ की सामग्री को तालाब के पानी में विसर्जित करने से बचने की भी अपील की।
उन्होंने कहा कि पूजन सामग्री को तालाब के पानी में फेंकने से पानी प्रदूषित होगा। इससे पर्यावरण पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। पूजन सामग्री तालाब में नहीं फेंकी जाये, इसके लिए सांसद ने जुडको के अधिकारियों को उपाय करने का निर्देश दिया है। जुडको द्वारा इसका उपाय किये जाने का आश्वासन सेठ को दिया है।
उल्लेखनीय है कि पर्यटकों एवं टहलने वाले लोगों की सुविधा के लिए तालाब के चारों ओर पाथ-वे का निर्माण कराया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से तालाब के तीन ओर लोहे की ग्रिल लगायी गयी है। इससे वर्षा के पानी का बहाव तालाब की ओर होता रहेगा। साथ ही तालाब के किनारे स्थित सरना स्थल का सौंदर्यीकरण भी किया गया है। सरना समिति के लिए प्रसाद कक्ष का भी निर्माण हुआ है। इसके बाद तालाब के चारों ओर हरी घास लगायी गयी है। वहां बच्चों के मनोरंजन के लिए खेल की सामग्री भी लगायी जायेगी।
This post has already been read 7036 times!