- पूर्व सीएम हेमंत सोरेन, मंत्री लुईस मरांडी और रणधीर सिंह सहित 236 उम्मीदवार मैदान में
रांची। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच झारखंड विधानसभा चुनाव के 5वें व अंतिम चरण की 16 सीटों पर शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। चुनाव आयोग के अनुसार, दोपहर एक बजे तक कुल 49.01 फीसदी मतदान दर्ज किये गये हैं। अबतक चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से हो रहे हैं। कहीं से अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। संथाल परगणा के सियासी रण में कड़ाके की ठंड और शीतलहरी में भी वोट डालने के लिए मतदाताओं का उत्साह भारी पड़ता दिख रहा है। कई बूथों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं। दुमका सदर प्रखंड में पड़ने वाले अपने पैतृक गांव में भाजपा उम्मीदवार और झारखंड की समाज कल्याण मंत्री डॉ. लुईस मरांडी ने वोट डाला। राजमहल से भाजपा प्रत्याशी अनंत ओझा ने मतदान किया। इसके अलावा महेशपुर विधानसभा सीट की बूथ संख्या 51 और जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र की मतदान केंद्र संख्या 240 सहित कई मददान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी लाइन देखी गई। देवघर जिले के सारठ विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 168 पर ईवीएम खराब हो गई। दो बार ईवीएम बदली गई लेकिन ईवीएम काम नहीं कर रही थी। इसके बाद तीसरी ईवीएम मंगाकर लगाई गई है। इसकी वजह से थोड़ी देर से वहां मतदान शुरू हुआ।
16 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 7 से दोपहर 1 बजे तक का मतदान प्रतिशत
राजमहल-47.68%
बोरियो-48.23%
बरहेट-49.72%
लिट्टीपाड़ा-52.97%
पाकुड़-58.38%
महेशपुर-59.38%
शिकारीपाडा-53.18%
नाला-53.54%
जामताड़ा-51.86%
दुमका-42.09%
जामा-46.98%
जरमुंडी-45.47%
सारठ-51.36%
पोडैयाहाट-36.01%
गोड्डा-45.75%
महगामा-44.06%
लिट्टीपाड़ा की बूथ संख्या 69 पर मतदान का बहिष्कार
लिट्टीपाड़ा की बूथ संख्या 69 पर वहां के मतदाताओं ने क्षेत्र में सड़क नहीं बनने के विरोध में वोट का बहिष्कार कर दिया है। शुक्रवार की दोपहर सवा बजे तक एक भी वोट नहीं पड़े हैं। मतदाताओं का कहना है कि क्षेत्र की सड़कों की स्थिति बहुत ही खराब है। लगातार मांग करने के बावजूद सड़क नहीं बनाई गई। इसलिए हमलोगों ने निर्णय लिया है कि सड़क नहीं तो वोट भी नहीं।
बोरियो विधानसभा क्षेत्र की बूथ संख्या 149 पर 65 वर्षीय मतदाता की मौत
साहेबगंज जिले के बोरियो विधानसभा क्षेत्र के बोरियो प्रखंड की बूथ संख्या 149 पर मध्य विद्यालय चटगांव पर सरयू साह (65) मतदान करने के लिए पहुंचे थे। उसी समय उनकी मौत हो गई। इसी मतदान केंद्र संख्या 149 के प्राथमिक विद्यालय पर पोलिंग ऑफिसर अब्दुल सहमत की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उल्टी होने लगी। उनके स्थान पर रिजर्व पदाधिकारी पर ड्यूटी में लगाया गया।
महेशपुर की बूथ संख्या 88 से हिरासत में लिया गया युवक
पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की बूथ संख्या 88 से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का झंडा लिए हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उसे महेशपुर थाना ले जाकर पूछताछ की। इसकी पुष्टि करते हुए महेशपुर के एसडीपीओ शशिप्रकाश ने बताया कि वह युवक बूथ में घूसकर झामुमो का झंडा लहरा रहा था। पूछताछ में युवक ने स्वीकारा है कि वह झामुमो का समर्थक है।
महेशपुर की मतदान केंद्र संख्या 67 और 68 पर प्रशासन ने की चाय की व्यवस्था
महेशपुर विधानसभा की आदर्श मतदान केंद्र संख्या 67 और 68 पर मतदाताओं के लिए प्रशासन की ओर से चाय की व्यवस्था की गई है। जामा विधानसभा के सुदूर गांव में भी मतदान के प्रति जागरूकता का असर देखने को मिला।
दिन के 11 बजे तक पड़े थे 29.19 फीसदी वोट
कड़ाके के ठंड के बीच अंतिम चरण की 16 सीटों पर शुक्रवार को दिन के 11 बजे चार घंटों में कुल 29.19 फीसदी मतदान दर्ज किये गये थे। संथाल परगणा के सियासी रण में कड़ाके की ठंड और शीतलहरी में भी वोट डालने के लिए मतदाताओं का उत्साह भारी पड़ते दिख रहा है। कई बूथों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं।
प्रारंभिक दो घंटों तक 12.1 फीसदी डाले गये वोट
झारखंड विधानसभा 2019 के पांचवें और अंतिम चरण के प्रारंभिक दो घंटों में 9 बजे तक 12.1 फीसदी वोट पड़े हैं। इस चरण में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, समाज कल्याण मंत्री डॉ. लुईस मरांडी और कृषि मंत्री रणधीर सिंह समेत 236 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं, 16 सीटों पर कुल मतदाताओं की संख्या 40,05,287 है। इनमें से महिला मतदाता 19,55,336 और पुरुष वोटरों की संख्या 20,49,921 है। थर्ड जेंडर 30 और नये वोटर 93,779 हैं।
पांच सीटों पर तीन और 11 पर शाम 5 बजे तक मतदान
बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर और शिकारीपाड़ा में सुबह 7 से अपराह्न 3 बजे तक मतदान होगा। जबकि राजमहल, पाकुड़, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, सारठ, पोड़ैयाहाट, गोड्डा और महगामा में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदाता वोट डाल सकेंगे।
इन 16 सीटों पर हो रही है वोटिंग
अंतिम चरण में जिन विधानसभा क्षेत्रों में वोटिंग हो रही हैं उनमें राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, नाला, जामताड़ा, सारठ, पोडैयाहाट, गोड्डा और महगामा विधानसभा सीट के लिए मतदान हो रहे हैं। इन सीटों में अनुसूचित जनजाति के लिए 7 सीट आरक्षित हैं तथा 9 सामान्य श्रेणी की सीटें हैं।
This post has already been read 6167 times!