रांची : झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन को प्रदेश का मुख्यमंत्री मनोनीत कर दिया है. राज्यपाल ने बुधवार को उन्हें सरकार बनाने का आमंत्रण भी दिया. इस बीच, झारखंड के नये मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपनी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण देने के लिए दिल्ली जा रहे हैं.
इसके पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष ने राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) के प्राइवेट वार्ड में स्वास्थ्य लाभ ले रहे अपनी सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की. चुनाव परिणाम आने के बाद से झामुमो नेता हेमंत सोरेन लगातार अलग-अलग दलों के नेताओं से शिष्टाचार मुलाकात कर रहे हैं.
झारखंड के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक बजे निर्मल महतो चौक पर जाकर शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी. झारखंड मुक्ति मोर्चा पहली बार विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है और सबसे ज्यादा 30 सीटें जीती हैं. हेमंत सोरेन करीब दो तिहाई बहुमत के साथ झारखंड की सत्ता संभालने जा रहे हैं.
This post has already been read 5674 times!