झारखंडः 20 जून तक साहेबगंज में मानसून करेगा प्रवेश

रांची । झारखंड के लोगों को दस दिनों के बाद ही तपती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। झारखंड में मानसून की दस्तक 18 जून के बाद जोरदार बारिश के साथ होगी। 

मौसम विभाग के निदेशक एसडी कोटाल के अनुसार झारखंड में 20 जून को साहेबगंज जिले में मानसून के प्रवेश का अनुमान है। इसके बाद अगले पांच दिनों में पूरे राज्य में मानसून सक्रिय होगा। सामान्य तौर पर झारखंड में मानसून 10-12 जून को दस्तक देता है। झारखंड में मानसून को लेकर अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है। इसके गति पकड़ने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

उल्लेखनीय है कि झारखंड में जुलाई और अगस्त में ही मानसून के अधिसंख्य हिस्से की बारिश होती है। जुलाई में कम बारिश का सीधा अर्थ है, यहां की फसलों पर प्रभाव पड़ना।

इधर, झारखंड में तापमान चरम पर है। सोमवार को राज्य का पलामू जिला सबसे गर्म रहा। पलामू का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि रांची का अधिकतम तापमान 41 और जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हीट वेब के कारण पूरा झारखंड तप रहा है। इसका जन-जीवन पर सीधा असर पड़ा है।

शहर में गर्मी का आलम यह है कि सुबह के आठ बजे के बाद से ही बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। दोपहर 12 बजे के बाद तो स्थिति ऐसी हो जाती है कि मानो आसमान से अंगारे बरस रहे हों। झुलसाती गर्मी की तपिश में सड़कों पर दोपहिया या पैदल चलना शोलों से गुजरकर चलने जैसा प्रतीत हो रहा है। लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे। मानसून आने के बाद ही रांचीवासियों को तपिश से राहत मिलेगी।  

हिन्दुस्थान समाचार /वंदना/     संजीवSubmitted By: Sharda Vandana Edited By: Sanjeev Pash Published By: Sanjeev Pash at Jun 10 2019 6:29PM

This post has already been read 9273 times!

Sharing this

Related posts