रांची। भाजपा के प्रदेश महामंत्री सह मुख्यालय प्रभारी दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड के अलग राज्य के गठन होने में अरुण जेटली की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रकाश सोमवार को यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बोल रहे थे।
उन्होंने जेटली को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि जेटली मृदुभाषी और अजातशत्रु थे। बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी जेटली ने सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता के अलावा पार्टी में छात्रनेता से लेकर पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारी के रूप में कई महत्वपूर्ण दायित्वाेंं का सफल निर्वहन किया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सूर्यमणि सिंह ने कहा कि उनका असमय चला जाना पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय ने कहा कि एक वरिष्ठ साथी के रूप में संसद में सदैव उनका मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। सभा में लोगों ने जेटली के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष सह सांसद समीर उरांव, प्रदीप वर्मा, सुबोध सिंह गुड्डू, नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, लुईस मरांडी, प्रवक्ता प्रवीण प्रभाकर, प्रतुल शहदेव व आशा लकड़ा आदि शामिल थे।
This post has already been read 7497 times!