हेमंत सोरेन सस्ती लोकप्रियता अर्जित करने का कर रहे हैं प्रयास : भाजपा

रांची । भाजपा कोल्हान प्रमंडल के मीडिया प्रभारी अजय राय ने कहा है कि झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन उम्मीदवारों की हार को देखते हुए अनाप-शनाप आरोप लगा रहे हैं। क्योंकि उन्हें अहसास हो गया कि जिस कोल्हान और संथाल को वो अपने घर की जागीर समझते बैठे थे, वो अब उनके हाथ से निकल गया। इस  फ्रस्टेशन में वो भाजपा पर अनर्गल आरोप लगा कर सस्ती लोकप्रियता अर्जित करने का प्रयास कर रहे हैं।

अजय राय ने बुधवार को कहा कि झारखंड में गैर भाजपाई सरकारों में शामिल मंत्री अपनी तिजोरी भरने में मस्त रहे। उन्होंने कभी जनहित के कार्यों को तवज्जो नहीं दिया। नतीजतन उनके कार्यकाल के दौरान विकास का पहिया थम गया था। वहीं, रघुवर सरकार के विगत पांच वर्ष के शासनकाल में विकास की गति पकड़ी और यहां पहली बार सुशासन देने वाली स्थिर सरकार ने सफलतापूर्वक अपना कार्यकाल पूरा किया।

उन्होंने कहा कि विगत वर्ष में झारखंड की गैर भाजपाई सरकारों ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लोगों के लिए भी कुछ भी नहीं किया। पिछले पांच वर्षों में भाजपा की रघुवर सरकार ने आर्थिक रूप से पिछड़े हर वर्ग के लोगों को आरक्षण देने का काम किया। हर वर्ग, हर क्षेत्र और हर तबके के लोगों को साथ लेकर चलना भाजपा सरकार की प्राथमिकता रही है।  उन्होंने कहा कि नीति आयोग की देशभर की जिलों की रैंकिंग में झारखंड के जिलों ने हर सूचकांक में बेहतर प्रदर्शन किया है। 

This post has already been read 6192 times!

Sharing this

Related posts