पूर्व सांसद मनोज भुइयां झाविमो में शामिल

रांची। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और पलामू के पूर्व सांसद मनोज भुइयां बुधवार को अपने समर्थकों के साथ झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) में शामिल हो गये। झाविमो अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया और पार्टी की सदस्यता दिलवायी।

मरांडी ने कहा कि विपरीत परिस्थिति में भी मनोज भुइयां जैसे कद्दावर नेता का पार्टी के साथ जुड़ना, झाविमो के लिए बड़ी बात है। मनोज भुइयां के पार्टी में शामिल होने से सिर्फ पलामू और छतरपुर विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में पार्टी को नई ताकत मिलेगी। उन्होंने सभी नए सदस्यों से पार्टी की विचारधारा एवं सिद्धान्त को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। 

मनोज भुइयां ने मौके पर कहा कि उन्होंने बाबूलाल मरांडी को देखकर संघर्ष का रास्ता चुना है। राज्य को अगर कोई सही दिशा दे सकता है, तो वे बाबूलाल मरांडी हैं। बाबूलाल मरांडी के 27 महीनों के शासन काल को जनता नहीं भूली है। अपने शासन काल में मरांडी ने विकास का जो खाका तैयार किया था, उसे बाद की सरकारों ने खत्म कर दिया।

भुइयां के साथ झाविमो में शामिल होने वालों में राजद के प्रदेश सचिव सरताज अहमद, युवा राजद के पलामू जिला सचिव संजय सिंह, पलामू मुखिया संघ के अध्यक्ष शंभू यादव, राजद किसान मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष अशोक तिवारी, छतरपुर के पूर्व प्रमुख सन्तोष गुप्ता, पंचायत समिति संघ छतरपुर के अध्यक्ष नोखेज सरताज, पंचायत समिति सदस्य विनय राम, पूर्व प्रमुख विनोद यादव सहित अन्य शामिल हैं।

This post has already been read 12044 times!

Sharing this

Related posts