रांची ।झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और विधायक ताला मरांडी अपने समर्थकों सहित आल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) में शामिल हो गये।
बुधवार को हरमू स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो के समक्ष ताला मरांडी ने सदस्यता ग्रहण की। इनके साथ ही झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) नेता रणजीत महतो, कैप्टन प्रदीप मोहन सहाय, संतोष सिंह, यूसी मेहता सहित अन्य ने भी आजसू की सदस्यता ग्रहण की। सुदेश महतो ने सभी को पार्टी का माला पहनाकर स्वागत किया। ताला मरांडी भाजपा से झामुमो में शामिल हुए थे। इसके बाद फिर वह आजसू में शामिल हुए। संभावना जतायी जा रही है कि वह बोरियो विधानसभा क्षेत्र से आजसू के उम्मीदवार होंंगे हैं।
इस मौके पर सुदेश महतो ने कहा कि झारखंडी विचारधारा से ओत-प्रोत ताला मरांडी और अन्य साथियों का आजसू से जुड़ना बताता है कि पार्टी जनमानस को साकार करने में सफल और भरोसेमंद साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि ताला मरांडी और अकील अख्तर जैसे उत्साही और अनुभवी लोगों के जुड़ने से झारखंड की धरती पर एक नयी क्रांति होगी। चुनाव में झारखंड के नवनिर्माण का जनादेश प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि
ताला मरांडी ने अपनी राजनीति की शुरूआत आजसू से ही की थी। वह जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार मुखर रहे हैं। उनके पार्टी में शामिल होने से संथालपरगना में पार्टी और तेजी से उभरेगी। उन्होंने कहा कि आज आजसू के प्रति लोगों का झुकाव बढ़ा है। हम जनादेश की अपील के साथ झारखंड की परिकल्पना को पूरा करेंगे।
ताला मरांडी ने कहा कि झारखंड के सपनों को आजसू ही पूरा कर सकती है। उन्होंने कहा कि मन में उम्मीद जगी है कि राज्य के लिए कुछ करना है। आजसू के साथ मिलकर हम राज्य के विकास के लिए काम करेंगे। मरांडी ने कहा कि झारखंड अलग राज्य का उद्देश्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। अलग राज्य के लिए कितनों ने कुर्बानी दी। लेकिन आज हमारा झारखंड कहां जा रहा है। लोगों को इसे सोचने की जरूरत है।
पूर्व विधायक अकील अख्तर ने कहा कि आज बहुत खुशी की बात है कि संथाल परगना के एक और साथी पार्टी से जुड़ रहे हैं। पहले वहां मैं अकेला था। अब ताला मरांडी के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आजसू संथालपरगना में ताकत के साथ उभरेगा।
This post has already been read 7052 times!