इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपने मंत्रियों से जबाबदेही मांगनी शुरू कर दी है। उनके कार्यालय ने 27 मंत्रालयों को रिपोर्ट प्रस्तुत करने में उनकी विफलता पर रेड लेटर जारी किया है। यह जानकारी शुक्रवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली। समाचार चैनल जियो न्यूज के मुताबिक यह पहली बार है जब मंत्रालयो को रेड लेटर भेजे गए हैं। यह मंत्रियों के लिए निष्पादन रिपोर्ट प्रस्तुत करने की एक अंतिम चेतावनी है। पत्र का अर्थ मंत्रियों की कार्यप्रणाली के प्रति खान की नाराजगी है। खान के कर्यालय से जारी अधिसूचना के मुताबिक, यह पत्र प्रधानमंत्री के निर्देशों के बावजूद महत्वपूर्ण कार्यों में हो रही देरी के कारण जारी किया गया है। कार्यालय ने अब मंत्रालयों में हर स्तर पर रिक्तियों पर पोस्टिंग जैसे मुद्दों की जानकारी देने के लिए 9 सितम्बर की समय सीमा तय कर दी गई है। पत्र में उन अधिकारियों का विवरण मांगा गया है जो पदोन्नति के योग्य हैं। इसमें उन सरकारी अधिकारियों के बारे में भी जानकारी मांगी गई है, जिनके खिलाफ अनुशासनात्मक जांच तीन महीने से लंबित है। इसके अलावा खान ने कारों, मशीनरी और अन्य वस्तुओं के बारे में भी पूछा है जिनका उपयोग मंत्रालय द्वारा नहीं किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि ऐसा माना जा रहा है कि रेड लेटर संबंधित मंत्रालय और प्रभागों की निष्पादन रिपोर्ट रिकार्ड में शामिल किया जाएगा।
This post has already been read 6715 times!