हरियाणा विस चुनाव : मुख्यमंत्री की टिप्पणी को कांग्रेस ने बताया आधी दुनिया का अपमान

चंडीगढ़। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को दोबारा अध्यक्ष बनाए जाने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा की गई टिप्पणी से प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।विवादास्पद टिप्पणी को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल अलोचनाओं का शिकार हो रहे हैं।
सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना नई बात नहीं है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी पर मुख्यमंत्री ने जो टिप्पणी की है, वह नारी जाति का अपमान है। कांग्रेस प्रदेश की आधी आबादी के साथ है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। महिलाओं के खिलाफ छेड़छाड़ की घटना से लेकर अन्य अपराध के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सैलजा ने मुख्यमंत्री को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि आने वाली 21 अक्टूबर को प्रदेश की आधी-आबादी इसका जवाब देगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बहादुरगढ़ में आयोजित जनसभा में सोनिया गांधी को फिर से कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर टिप्पणी की थी कि खोदा पहाड़, निकली चूहिया, वो भी मरी हुई। विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी से प्रदेश की राजनीति गरमा गई और कांग्रेस ने मुख्यमंत्री को निशाने पर लेते हुए व्यंग्य बाण छोड़ने में देर नहीं लगाई। कांग्रेस ने बकायदा ट्वीट करके मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोला और इस टिप्पणी पर माफी मांगने की मांग की।

This post has already been read 6581 times!

Sharing this

Related posts