रांची । झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने कहा है कि मुख्यमंत्री रघुवर दास जन आशीर्वाद यात्रा करके जनता से आशीर्वाद मांगने गये हैं, लेकिन जनता उनको आशीर्वाद देने वाली नहीं है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि रघुवर दास की निश्चित पराजय को देखते हुए केंद्र सरकार से लेकर केंद्रीय भाजपा संगठन झारखंड में हर हथकंडा अपना रही है। लेकिन जनता इनके भ्रम में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उसके तमाम नेताओं को सिर्फ कांग्रेस को कोसने के अलावा दूसरा कोई काम नहीं है। रघुवर दास की सरकार नकारी जा चुकी है।
शाहदेव ने कहा है कि 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से प्रधानमंत्री और भाजपा ने घोषित चुनाव प्रचार प्रारंभ कर दिया है। 21 जून के बाद अबतक पांच बार प्रधानमंत्री से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं दो दर्जन से अधिक केंद्रीय मंत्रियों का दौरा झारखंड में हो चुका है। सरकारी खर्चे पर करोड़ों रुपया इन नेताओं के दौरे पर लोकसभा चुनाव परिणाम के उपरांत खर्च किए जा चुके हैं।
राज्य की जनता डबल इंजन की सरकार से यह पूछना चाहती है कि राज्य की जनता ने काम करने के लिए बहुमत दिया था लेकिन लोकसभा चुनाव और उसके परिणाम के बाद से लगभग छह महीने से पूरी सरकार और उनकी मशीनरी चुनाव में लग चुकी है। आम जनता की समस्याओं से सरकार को कोई लेना देना नहीं है। आंगनबाड़ी सेविकाऐं, पारा शिक्षक, जेपीएससी के छात्रों की समस्या मुंह बाए खड़ी है। रसोईया सेविका हजारों की संख्या में हड़ताल पर हैं। झारखंड में एक भी उद्योग नहीं लगाया जा सका। दुष्कर्म के मामले में राज्य दूसरे स्थान पर है। आदिवासी के ऊपर अत्याचार में झारखंड पूरे देश में तीसरे स्थान पर है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में राज्य बदहाली में दूसरे स्थान पर है और सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है। प्रेसवार्ता में राजेश गुप्ता आदि उपस्थित थे।
This post has already been read 6269 times!