रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से जारी स्टार प्रचारकों की सूची में प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम नहीं होने पर भाजपा ने तंज कसा है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस ने भी अंततः स्वीकार कर लिया है कि गांधी परिवार का जनता के बीच आकर्षण समाप्त हो गया है।
शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस ने झारखंड में जो अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। उससे कांग्रेस की राष्ट्रीय महामंत्री प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम गायब है। यह साफ दिखाता है कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भी यह मानता है कि उत्तर प्रदेश के चुनाव में खराब परिणाम होने का एक मुख्य कारण इस प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा थी। उनके द्वारा लगातार जनसम्पर्क और दर्जनों रैलियों के बावजूद कांग्रेस का प्रदर्शन अत्यंत निराशाजनक रहा।
उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट हो गया है कि प्रियंका गांधी वाड्रा का अब जनता के बीच में कोई जनाधार नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भी समझता है कि रॉबर्ट वाड्रा के ऊपर जितने सारे मुकदमे चल रहे हैं उनमें कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। इसलिए उन्होंने अभी से प्रियंका गांधी वाड्रा से किनारा बनाना शुरू कर दिया है। यह प्रकरण यह भी दिखाता है की कांग्रेस के गांधी परिवार में आपसी खींचतान जारी है।
This post has already been read 8079 times!