रांची। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) सदस्यता अभियान के दौरान झारखंड में चार लाख नये सदस्य बनायेगा। भाजयुमो ने सोमवार को रांची के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी कालेज से सदस्यता अभियान की शुरूआत की।
भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सदस्यता प्रभारी अतुल कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि राज्य के सभी कॉलेजों में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान पूरे प्रदेश से 50 हजार से अधिक लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि भाजयुमो की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम महाजन के निर्देश पर झारखंड में भाजयुमो ने चार लाख नये सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नये भारत और मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में नये झारखंड का निर्माण हो रहा है।
कुमार ने कहा कि आठ जुलाई को मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम महाजन ने जेएनयू से सदस्यता अभियान की शुरूआत की थी। उसी क्रम में मोर्चा की ओर से झारखंड में भी इसकी शुरुआत की गयी है। राज्य के 24 जिलों में मोर्चा के कार्यकर्ता नये सदस्य बनाने का काम करेंगे। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक बूथ पर पार्टी का कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इसे लेकर आनेवाले दिनों में राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम विभिन्न राज्यों में आयोजित किये जायेंगे। 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस है। उस दिन मोर्चा सेना के जवानों, शहीदों के परिवार से मिलकर उन्हें सदस्य बनाने का काम करेगा। नौ अगस्त को क्रांति दिवस है। जो युवा कला, शिक्षा, खेल सहित अन्य क्षेत्रों के युवाओं को मोर्चा पार्टी से जोड़ने का काम करेगा। प्रेसवार्ता में प्रदेश भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार, वरीय उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह, मीडिया प्रभारी निशिकांत चौहान आदि मौजूद थे।
This post has already been read 5966 times!