रांची।भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में रघुवर सरकार का प्रयास सराहनीय है। सिंह ने भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से कहा कि वह कमल कलश के माध्यम से घर-घर पहुंचें।
सिंह गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी और जिलाध्यक्षों की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने उज्जवला योजना, एक रुपए में रजिस्ट्री योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, विधवा पेंशन, सखी मंडल के माध्यम से स्वरोजगार के विभिन्न अवसर उपलब्ध करना, महिला किसानों को इजरायल भेजकर कर प्रशिक्षण दिलाना जैसे अनेक कार्य किए हैं। इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत, स्टार्टअप इंडिया, मुद्रा योजना के माध्यम से भी लाखों महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। सिंह ने कहा कि हमें इन उपलब्धियों को लेकर घर-घर जाने की जरूरत है। उन्होंने कमल कलश अभियान के लिए बैठक में आवश्यक निर्देश दिए।
मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह ने कहा कि मोर्चा कमल सखी सम्मान के बाद अब प्रदेश के सभी विधान सभा क्षेत्रों में 11 से 20 अक्टूबर तक महिला मोर्चा कमल कलश यात्रा निकाल कर मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करेगी। बैठक में मोर्चा की उपाध्यक्ष प्रिया सिंह पटेल, विभिन्न मोर्चों के समन्वयक विनय चौबे, अर्चना सिंह, बबीता झा, सोनी हेंब्रम, मंजू लता, रूपा सिंह, रेणु सिंह, मीणा देवी, संजीदा खातून सहित मोर्चा के जिलाध्यक्ष उपस्थित थे।
This post has already been read 6492 times!