झारखंड में विजय के विश्वास के साथ चुनाव मैदान में है भाजपा : प्रकाश जावड़ेकर

रांची । केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि भाजपा झारखंड में विजय के विश्वास के साथ चुनाव मैदान में है। झारखंड में हम अबकी बार 65 पार करेंगे।

जावड़ेकर रविवार को अरगोड़ा स्थित भाजपा मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।उन्होंने कहा कि हम जनता का विश्वास लेकर विकास का कार्य कर सकते हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में जनता ने देखा है। झारखंड में जनता के विकास की लड़ाई है। यहां जनता के विकास वाली सरकार और लूट की सरकार की लड़ाई है। साफ-सुथरी और घोटाले की सरकार की लड़ाई है। यहां घोटाले कितने हुए, यह सबको पता है। पिछले पांच साल में विपक्षी घोटाले की बात नहीं कर सके। झारखंड का निर्माण न करने वाले और झारखंड राज्य का निर्माण करने वालों के बीच लड़ाई है। झारखंड अलग राज्य का निर्माण 1993 में हो सकता था, लेकिन नहीं किया गया। अटल बिहारी वाजपेयी ने 2000 में अलग राज्य बनाया।

उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता विकास और साफ-सुथरी सरकार के लिए वोट करेगी। हम झारखंड में 65 पार का लक्ष्य जरूर पार करेंगे। देश में मोदी और झारखंड में रघुवर दास की डबल इंजन की सरकार में विकास हुआ है। झारखंड में पिछले पांच वर्षों में नक्सलवाद में कमी आयी है। राज्य सरकार ने अन्य राज्यों से को-ऑर्डिनेशन कर ऐसा काम किया कि अब नक्सल प्रभावित इलाकों में भी लोग चैन से रह रहे हैं। आज यह बदलाव यहां आया है। झारखंड की फिजा बदल रही है। एक रुपये में महिलाओं के नाम पर रजिस्ट्री हो रही है। ऐसा करने वाला झारखंड पहला राज्य है। आज लाखों रुपये की प्रापर्टी महिलाओं के नाम हो रही है। महिला सशक्तिकरण का एक बड़ा उदाहरण है। 

उन्होंने कहा कि 30 लाख महिलाओं को स्वरोजगार का साधन मिला। आयुष्मान भारत योजना के तहत 57 लाख परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। इनकम टैक्स भरने वालों को छोड़कर सभी का हेल्थ इंश्योरेंस है। उज्ज्वला योजना के तहत 33 लाख परिवार लाभान्वित हुए हैं। आदिवासियों के लिए पांच लाख से ज्यादा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बने हैं। आज एमएसपी सुनिश्चित की गयी है। आदिवासियों को उनकी उपज के सही दाम मिल रहे हैं। यहां के लोगों को आवास, बिजली, पानी, सड़क, नौकरी में वृद्धि हुई है। एक लाख 17 हजार सरकारी नौकरी देने का काम राज्य सरकार ने किया। एकदिन में 25 हजार लोगों को नौकरी दी गयी।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में झारखंड में 43 हजार नये पट्टे आदिवासियों को मिले। कूटकू बांध परियोजना कैनल तैयार है। यह परियोजना जल्द पूरा होगी। इससे पलामू, गढ़वा और लातेहार में वाटर लेबल ऊपर आयेगा। इससे 62 किमी केनाल बहेगा। 

उन्होंने कहा कि नया आदिवासी वन कानून से संबंधित अधिकारियों ने ड्राफ्ट बनाया था। इसे अधिकारियों को वापस कर दिया गया। डबल इंजन की सरकार का लाभ जनता को मिल रहा है। सरयू राय को टिकट नहीं मिलने और नामांकन पत्र खरीदे जाने के प्रश्न पर उन्होंने कुछ भी बोलने से इनकार किया। प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद जीवीएल नरसिम्हा, राष्ट्रीय उप मीडिया प्रभारी संजय मयूख, सुदेश वर्मा, विकास कुमार, प्रतुल शाहदेव आदि मौजूद थे।

This post has already been read 6447 times!

Sharing this

Related posts