कर्नाटक क्राइसिस से भाजपा को कोई मतलब नहीं, देश कांग्रेस संस्‍कृति से मुक्ति चाहता हैः नड्डा

कहा, पीएम के नेतृत्व में विकासवाद की नई संस्कृति पनपी

लोगों ने वंशवाद, जातिवाद और वोटबैंक की राजनीति को नकारा

कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद झारखंड का पहला दौरा

रांची, 14 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)  के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कनार्टक में राजनीतिक हलचल पर भाजपा की भूमिका को नकारते हुए विपक्ष के आरोपों को तथ्यहीन बताया। इस मसले पर उन्होंने कहा कि इससे भाजपा को कोई मतलब नहीं है, यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है। पहले उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस्तीफा दिया, इसके बाद सब लोग अपने-अपने ढंग से इस्तीफा दे रहे हैं। यह उनका विषय है, वो जानें। लेकिन, यह भी अकाट्य सच है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक नई संस्कृति का विकास हुआ है। लोगों ने जातिवाद, वंशवाद और वोट बैंक को नकारा है और कांग्रेस मुक्त भारत पर फोकस करते हुए विकासवाद की राजनीति पर विश्वास जताया है। उन्होंने इसे स्पष्ट करते हुए कहा, कांग्रेस मुक्त भारत का मतलब है कि कांग्रेस की कार्य संस्कृति को समाप्त करना। कमीशन और करप्शन की संस्कृति से मुक्ति।

भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा पहली बार रांची भाजपा मुख्यालय में रविवार को प्रेस से मुखातिब थे। नड्डा ने कहा कि भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद मेरा झारखंड का पहला और देश का दूसरा दौरा है। 13 जुलाई से संगठनात्मक दृष्टिकोण से योजनाओं को कार्यरूप देने के लिए पार्टी के लोगों के साथ चर्चा करने आये थे। कोर कमिटी के साथ ही संगठन के विभिन्न आयामों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। संगठनात्मक के साथ ही झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर बारीकियों से मंथन हुआ। बूथस्तर पर संगठन को मजबूत बनाने के लिए योजनाएं कार्यान्वित करने पर बल दिया गया। इस दौरान फीडबैक भी ली गई और सलाह भी दी गयी। उन्होंने कहा कि कोर कमिटी की बैठक में सदस्यता अभियान पर विशेष रूप फोकस किया गया। कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह है। वे अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ने पर आमादा हैं। 28 जुलाई को कोर कमिटी फिर बैठेगी। इसकी रिपोर्ट मैं खुद लूंगा। नड्डा ने कहा कि दो दिनों में कोर कमिटी के अलावा पार्टी पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, सदस्यता प्रभारी सहित यहां के प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठकें हुईं। कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त जोश है। जिला अध्यक्षों में ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने की होड़ लगी हुई है। 

नड्डा ने कहा कि संगठनात्मक दृष्टिकोण से राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जो टास्क दिये हैं, उसे निभा रहे हैं। डबल इंजन की सरकार का लाभ झारखंड को मिल रहा है। साथ ही रघुवर दास सरकार ने जो काम किए हैं, उससे 65 प्लस की संख्या में हम विधानसभा में जायेंगे। रघुवर दास की सरकार बेदाग, भ्रष्टाचारमुक्त, पारदर्शी, मेहनती और काम करने वाली सरकार है। वह जनता को साथ लेकर चलती है। यही कारण है कि जनता को ध्यान में रखकर बनायी गयीं आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, उज्ज्वला सहित तमाम योजनाओं के साथ ही महिला सशक्तीकरण और रोड कनेक्टिविटी में भी झारखंड सबसे आगे है। इस मौके पर नड्डा के साथ राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, प्रदेश

अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, प्रदेश सह प्रभारी रामविचार नेताम और राष्ट्रीय मीडिया सह प्रमुख संजय मयूख उपस्थित थे।

धोनी सहित सबका भाजपा में स्वागत

क्या धोनी भाजपा में आयेंगे? इस पर नड्डा ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सहित सभी का भाजपा में स्वागत है। भाजपा सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी पार्टी है। सबका साथ-सबका विकास हमारा मंत्र है और इसमें खिलाड़ी, कलाकार, सांस्कृतिक एक्टिविस्ट सहित सभी वर्ग के लोग आते हैं।

सदस्यता अभियान से खुद को जोड़ें सांसद

नड्डा ने कहा कि 13 जुलाई की रात मुख्यमंत्री आवास में झारखंड के सांसदों और विधायकों के साथ बैठक हुई। लोकसभा चुनाव में 14 में से 12 सीटों पर भाजपा की जीत के लिए झारखंड की जनता का धन्यवाद किया। सांसदों से आग्रह किया कि सदस्यता अभियान में वे खुदे को जोड़ें। साथ ही सुपरविजन और मॉनिटरिंग पर भी ध्यान रखें।     

बूथ पर विशेष ध्यान दें विधायक

नड्डा ने कहा कि विधायक बूथ संरचना पर विशेष ध्यान दें। संगठन को बूथस्तर पर कैसे एक्टिवेट किया जा सकता है, इसकी चिंता करें। साथ ही कार्ययोजना पर अमल भी।

झारखंड भारत में पहले नंबर पर

नड्डा ने बताया कि य़ूएन की 2014-2016 की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में 27.1 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठ कर आये हैं। 10 पारामीटर्स में मल्टी डायमेंशनल पावर इंडेक्स के अनुसार झारखंड भारत में पहले नंबर पर है। सबसे तीव्र गति से बढ़कर आगे आनेवाला राज्य झारखंड है।

संगठन और सरकार दोनों में तीव्र गति से काम

नड्डा ने रघुवर सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि संगठन और सरकार दोनों में तीव्र गति से काम बढ़ रहा है। सरकार ने जो भी निर्णय लिये और जनता के हित में जो भी योजनाएं बनाई, उस पर अमल किया गया। इसलिए हम आश्वस्त हैं कि झारखंड विधानसभा चुनाव में 65 प्लस जीतेंगे। अब पार्टी के सदस्यता अभियान में कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर 25 लाख सदस्य बनायें, हम स्वतः लक्ष्य हासिल कर लेंगे।

कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं

झारखंड में मॉब लिंचिंग के सवाल पर भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। इस तरह की घटनाओं में कानून अपना काम कर रहा है। भाजपा सबका साथ और सबके विकास में विश्वास करती है।

युवाओं को तरजीह और बुजुर्गों का आशीर्वाद जरूरी

लोकसभा चुनाव की तरह झारखंड विधानसभा चुनाव में भी 75 वर्ष पार किये उम्मीदवारों को टिकट मिलेगा या नहीं, इसपर नड्डा ने कहा कि यह पार्टी की रणनीति का विषय है। यह नेतृत्व की आवश्यकताओं पर निर्भर करता है। हमारा मानना है कि पार्टी युवाओं को तरजीह देगी और बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त करेगी। यह जरूरी भी है।       

This post has already been read 7768 times!

Sharing this

Related posts