जनता दरबार में बीडीओ पर लगाया कमीशनखोरी का आरोप

रामगढ़ । प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम के तहत शनिवार को दुलमी प्रखंड के इचातू पंचायत के उत्क्रमित उच्च विद्यालय चटाक में जनता दरबार लगा। 

दरबार जैसे ही शुरू हुआ, दर्जनों लोगों ने दुलमी बीडीओ जया शंखी मुर्मू के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। दुलमी प्रखंड में मत्स्यजीवी सहयोग समिति के अध्यक्ष चरण केवट ने सीधे तौर पर बीडीओ पर कमीशनखोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीडीओ हर योजना और काम में कमीशन लेती है। यहां तक कि जमीन की दाखिल खारिज में भी 5000 से लेकर 100000 तक रिश्वत ली जाती है। उन्होंने कहा कि 4 साल पहले दुलमी प्रखंड कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में 40000 की मछली मंगाई गई थी मगर उसका भुगतान आजतक नहीं किया गया। 

चिलचिलाती धूप में बरगद की छांव में आयोजित जनता दरबार में सभी अधिकारी जनता के बीच ही बैठे हुए थे। किसी के लिए कोई विशेष व्यवस्था नहीं थी। आम जनता सीधे अपनी समस्या अधिकारियों से कह रही थी। डीडीसी संजय सिन्हा ने सभी शिकायतकर्ताओं को शीघ्र निदान करने का आश्वासन दिया। उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में 25 लोगों ने मौके पर 31 समस्याओं से पदाधिकारियों को अवगत कराया। इसके अलावे कई लोगों ने वृद्धा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, विधवा पेंशन आदि का लाभ न मिलने संबंधी परेशानियों से पदाधिकारियों को अवगत कराया। उप विकास आयुक्त संजय सिन्हा ने सभी प्राप्त आवेदनों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए इसके निष्पादन का भरोसा दिलाया।

शनिचरिया देवी को मिलेगा वृद्धा पेंशन

जनता दरबार में करीब 85 वर्षीय शनिचरिया देवी अपना आधार कार्ड लेकर पहुँची। उनका कहना था कि उसका कोई नहीं है, उसे न वृद्धा पेंशन मिलता है और न ही विधवा पेंशन। डीडीसी ने इसका तुरंत संज्ञान लेते हुए अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि शनिचरिया देवी को वृद्धा पेंशन दिलाने की दिशा में तत्काल कार्यवाही करें।

This post has already been read 11926 times!

Sharing this

Related posts