मायानगरी के आम लोगों के साथ साथ फिल्मी सितारे भी गणपति के इस त्यौहार को हर साल बड़े ही चाव के साथ मनाते रहे हैं। इस बार भी कई फिल्मी सितारे गणेशोत्सव के जश्नम में डूबे नजर आए हैं। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी से लेकर जितेंद्र, सलमान खान, सुनिल शेट्टी सोनू सूद सहित कई सितारों का नाम शामिल है। बप्पा के आगमन से ही बारिश शुरू है। विर्सनज के दौरान भी उत्साह कम नहीं हुआ। गणेशोत्सव पर डेढ़ दिन से लेकर 10 दिनों तक के लिए भगवान गणेश की मूर्ति को घर पर रखा जाता है। मुंबई में डेढ़ दिन के गणपति का विसर्जन धूम-धाम से किया गया। ऐसे में हर साल की तरह इस साल भी बॉलीवुड के कई सितारों ने अपने घर विराजे गणपति बप्पा को विदाई दी। शिल्पा शेट्टी ने इस बार अपने घर पर डेढ़ दिन के लिए गणेश की मूर्ति स्थापित की थी। बाद में उन्होंने सारे विधि विधान के साथ अपने बाप्पा को विदाई दी। इस दौरान शिल्पा शेट्टी उनके पति राज कुंद्रा, बेटा वियान और बहन शमिता शेट्टी भी नजर आए। सभी लोग बारिश की परवाह किए बगैर बाप्पा की भक्ति में लीन नजर आए। शिल्पा का पूरा परिवार गणेश विसर्जन के मौके पर मौजूद रहा। पूरे धूमधाम और नाच गाने के साथ शिल्पा ने भगवान गणेश को विसर्जित किया। सलमान खान की बहन अर्पिता खान शर्मा हर साल गणपति बप्पा को अपने घर स्थापित करती हैं। इस बार भी ऐसा हुआ और डेढ़ दिन के गणपति का विर्सनज किया गया। मुंबई में जमकर हो रही बारिश भी सलमान खान को मजेदार अंदाज में डांस करने से रोक नहीं पाई। सलमान खान गणपति विसर्जन के दौरान डेजी शाह और स्वरा भास्कर के साथ मजेदार अंदाज में नाचते हुए दिखे। पहले तो सलमान टोपी पहनकर नाचते रहे, लेकिन फिर ऐसी तान चढ़ी कि सलमान ने अपनी टोपी अपने मुंह में ले ली। झमाझम होती बारिश में सभी धूमधाम से नाचते हुए दिखे। गणपति बप्पा की विदाई में सलमान खान के साथ उनका पूरा परिवार साथ नजर आया। ढोल की हर बीट पर सलमान खान किसी प्रोफेश्नल डांसर की तरह नाचते नजर आ रहे थे। बता दें कि सलमान खान इन दिनों अपनी फिल्म ‘दबंग 3’ की शूटिंग कर रहे हैं। इस फिल्म की शूटिंग राजस्थान में चल रही है। लेकिन गणेशोत्सव के दौरान अपने परिवार का साथ पाने के लिए सलमान मुंबई वापस लौट आए हैं। 5 दिन का विसर्जन शुक्रवार को : डेढ़ दिन के गणपति के विसर्जन के बाद अब पांच दिन के बप्पा की विदाई की तैयारियां शुरू हो गई हैं, जो शुक्रवार को होगी। इसके लिए विभिन्न कृत्रिम तालाबों और समुद्र तटों पर विशेष व्यवस्था की गई है। बीएमसी भक्तों से समुद्र तटों पर लगाए गए निर्माल्य कलश में फूल, हार इत्यादि डालने की अपील कर रही है, ताकि समुद्र गंदा न हो।
This post has already been read 6367 times!