रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति की दो दिवसीय बैठक शनिवार को हरमू स्थित सोहराय भवन में पार्टी सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की अध्यक्षता में शुरू हुई। बैठक में लोकसभा चुनाव के नतीजों की समीक्षा की गयी। साथ ही झारखंड विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर चर्चा हुई।
झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और प्रतिपक्ष के नेता हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार की कथनी और करनी में अंतर है। सरायकेला के तिरूलडीह थाना क्षेत्र के कुकड़ु साप्ताहिक हॉट में शुक्रवार को नक्सलियों द्वारा पांच जवानों की हत्या पर उन्होंने सरकार से जानना चाहा कि इतनी बड़ी घटना कैसे घटी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हेमंत ने कहा कि योग करना या ना करना व्यक्तिगत मामला है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी हर चीज का राजनीतिकरण करती है। उन्होंने कहा कि आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव महागठबंधन के तहत ही लड़ा जायेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की दो दिवसीय केंद्रीय समिति की बैठक बहुत ही महत्वपूर्ण है। इसमें कई विषयों पर चर्चा और विचार विमर्श किया जायेगा। बैठक में पूर्व मंत्री मथुरा महतो, हाजी हुसैन अंसारी, विधायक सीता सोरेन, पूर्व विधायक अमित महतो, प्रवक्ता विनोद पाण्डेय, सौरव कुमार आदि उपस्थित थे।
This post has already been read 7620 times!