रांची। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दलों पर सरायकेला की घटना के राजनीतिकरण का आरोप लगाया है। शाहदेव ने मंगलवार को कहा कि रघुवर सरकार में ऐसी घटनाओं के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है। जैसे यह घटना सरकार के संज्ञान में आई, तुरंत सरकार के निर्देश पर आरक्षी अधीक्षक ने उस क्षेत्र के दो पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया। इस मामले में 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसआईटी पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। उन्होंने कहा कि वीडियो से और लोगों की शिनाख्त कर उनकी भी गिरफ्तारी होगी। शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस इस घटना पर घड़ियाली आंसू बहा रही है। उन्होंने कहा कि रघुवर दास की सरकार में जाति और धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता। सबों का विकास किया जाता है और दोषी कोई भी हो उन्हें नहीं छोड़ा जाता। अब यही सीख विपक्ष की सरकारों को लेनी चाहिए। खास कर पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी की सरकार को जहां श्रीराम के नारे लगवाने पर लोगों को मारा जाता है,पीटा जाता है और भाजपा के कार्यकर्ताओं की हत्या की जाती है। शाहदेव ने विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि इस मसले पर वह राजनीतिक रोटी सेंकने की कोशिश कर न करें। उन्होंने कहा कि रामगढ़ में हुई ऐसी ही घटना में रघुवर सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रिकॉर्ड समय में दोषियों को सजा दिलाई थी।
This post has already been read 8828 times!