राजधानी रांची में अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। यहां एक सनकी प्रेमी ने शादी के बाद दूल्हे के साथ ससुराल जा रही दुल्हन को कार से जबरन उतार लिया और फरार हो गया। दुल्हन को अपनी प्रेमिका बता रहे इस आशिक ने मौके पर ही दूल्हे और उसके परिजनों की जमकर पिटाई भी कर दी। फिलहाल दुल्हन का अपहरण कर लिए जाने का मामला थाना पहुंचा है। जहां सनकी प्रेमी पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के लाबेद गांव में बीती रात शादी के उपरांत विदाई समारोह के बाद जब दुल्हन को दूल्हा ( वर बाबू) अपने गांव खूंटी ले जा रहा था। तब गांव से आगे कुछ दूरी पर पहले से घात लगाकर बैठे दुल्हन के प्रेमी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर दूल्हा की कार रोक ली। इसके बाद दूल्हा के परिजनों से मारपीट कर दुल्हन को लेकर फरार हो गया। दुल्हन और दूल्हा के परिजन नगड़ी थाना में प्रथामिकी करने पहुंचे हैं।
बताया गया कि सनकी प्रेमी खडगा गांव का रहने वाला है। वह अपहरण को अंजाम देने के लिए अपने दो दोस्तों के साथ गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खड़ा था। इस बीच दुल्हन की गाड़ी आते ही जबरन उसके प्रेमी और दोस्तों ने मिलकर कार रोक ली। इसके बाद दुल्हन को लेकर बुलेट से निकल भागा। दुल्हा खूंटी के फुदी गांव से बरात लेकर लाबेद गांव में शादी करने पहुंचा था। यहां से रात आठ बजे दुल्हन की विदाई की गई।
जिसके बाद उसका अपहरण कर लिया गया। दुल्हन के प्रेमी के साथ फरार हो जाने के बाद दूल्हे के परिजन दुल्हन के घर पहुंच कर हंगामा करने लगे। लड़केवालों का आरोप था कि जानबूझकर और अंधेरे में रखकर शादी की गई। परिजनों को पहले से ही दुल्हन के प्रेमी के बारे में सबकुछ पता था।
जानकारी के मुताबिक लाबेद गांव के राम उरांव की 27 वर्षीय बेटी अंजलि टोप्पो की शादी के लिए बरात खूंटी के फुदी गांव से आई थी। विवाह के रस्म पूरे करने के बाद रात आठ बजे दूल्हे के संग दुल्हन की विदाई कर दी गई। हालांकि, लड़की के परिजन पहले से प्रेम प्रसंग के बारे में किसी तरह की जानकारी होने से इंकार कर रहे हैं। इधर सनकी प्रेमी और दुल्हन का अब तक कुछ भी पता नहीं चला है।
This post has already been read 6944 times!