करण ओबोराय पर केस करने वाली महिला झूठे केस के मामले में गिरफ्तार

मुंबई। टीवी एक्टर करण ओबेराय के खिलाफ दुष्कर्म और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में केस दायर करने वाली महिला को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक, खुद पर कथित तौर पर हमला कराने के मामले में पुलिस ने इस महिला को गिरफ्तार किया है।

इस मामले में पुलिस इस महिला के वकील सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें वे चार युवक भी शामिल हैं, जिनको महिला पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। महिला ने इस हमले को लेकर अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि हमलावर करण के खिलाफ केस वापस लेने के लिए दबाव डालने आए थे और केस वापस न लेने पर गंभीर नतीजे की धमकी भी दे गए थे।

पुलिस ने महिला पर हमले की शिकायत की जांच शुरु की, तो एक हमलावर का संबंध महिला के वकील से पाया गया। पुलिस ने हमला करने के आरोपी सभी युवकों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ के आधार पर महिला के वकील को गिरफ्तार कर लिया। वकील की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने महिला को बयान देने के लिए बुलाया और बयान के फौरन बाद उसे हिरासत में ले लिया।

ये गिरफ्तारी मुंबई के अंधेरी की ओशिवारा पुलिस स्टेशन की टीम द्वारा की गई। इसी पुलिस स्टेशन में महिला की शिकायत के आधार पर करण ओबेराय को गिरफ्तार किया गया था, जो एक महीने से ज्यादा वक्त तक जेल में रहे और पिछले सप्ताह बांबे हाईकोर्ट से उनको जमानत पर जेल से रिहा किया गया। गिरफ्तारी के बाद महिला ने खुद को निर्दोष बताया है और इसे अपने पूर्व वकील की साजिश बताया है। महिला ने इस मामले में मुंबई पुलिस अधीक्षक से मदद की गुहार लगाई है। दूसरी ओर, पुलिस का दावा है कि महिला द्वारा अपने ऊपर हमले के लिए हमलावरों को दस हजार की रकम का सौदा हुआ था, जिसके साक्ष्य पुलिस के पास जमा हैं।

This post has already been read 8084 times!

Sharing this

Related posts