रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन की हालत चिंताजनक है। झामुमो के प्रवक्ता मनोज पांडेय ने बताया कि सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती दिशोम गुरु शिबू सोरेन की हालत थोड़ी चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की एक टीम उनका इलाज कर रही है और आईसीयू में सीमित लोगों को उनसे मिलने की अनुमति है।
प्रवक्ता पांडेय ने कहा कि गुरुजी शिबू सोरेन की तबीयत स्थिर है, उसमें न तो कोई गिरावट आई है और न ही कोई सुधार हुआ है। सभी लोग ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन जल्द स्वस्थ होकर झारखंड लौटें। उन्होंने कहा कि अभी झारखंड और झारखंडवासियों को शिबू सोरेन के मार्गदर्शन की जरूरत है। बताया जा रहा है कि अस्पताल में न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ है। इससे उनके शरीर के बाईं ओर पैरालिसिस हो गया है।
उल्लेखनीय है कि 81 वर्षीय गुरुजी लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं। वह एक साल से डायलिसिस पर हैं। वे डायबिटीज से पीड़ित हैं और हार्ट की बाइपास सर्जरी भी हो चुकी है। गत गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी सर गंगाराम अस्पताल में जाकर शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। इसके पहले राज्यपाल संतोष गंगवार भी अस्पताल पहुंचे थे और गुरुजी से मुलाकात की थी।
शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने कहा कि शिबू सोरेन न सिर्फ राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं, बल्कि वे झारखंड सरकार की समन्वय समिति के प्रमुख भी हैं, ऐसे में सरकार, पीआईबी को उनके स्वास्थ्य को लेकर अधिकृत मेडिकल बुलेटिन जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरुजी के स्वास्थ्य को लेकर लोग चिंतित हैं, लोग उनसे मिलने जा रहे हैं। ऐसे में सरकार के स्तर से अगर कोई जानकारी नहीं दी जाएगी तो लोग गलतफहमी का शिकार होंगे। इसलिए सरकार या पीआईबी को उनकी वर्तमान हालात को लेकर मेडिकल बुलेटिन जारी करनी चाहिए।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के अस्वस्थ होने की सूचना से मन अत्यंत चिंतित है। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करता हूं।
This post has already been read 639 times!