मुख्यमंत्री ने शहीद निर्मल महतो की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को शहीद निर्मल महतो की जयंती पर रांची के जेल मोड़ स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनको नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की धरती पर निर्मल महतो जैसे महापुरुष का जन्म हुआ। इनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए हम राज्य की जनता के बीच रहते हैं। झारखंडी अस्मिता, मूलवासी आदिवासियों की भावना के साथ इस अग्रणी नेताओं ने राज्य की जनता को एकत्रित कर रखा और हमलोग भी उनके विचारों के साथ राज्य की जनता के साथ तत्परता के साथ खड़े रहे। हेमंत सोरेन ने कहा कि जब तक झारखंड रहेगा तब तक शहीद निर्मल महतो का नाम अमर रहेगा।
जिलाध्यक्ष मुस्ताक आलम ने कहा कि निर्मल महतो का व्यक्तित्व दूरदर्शी था। झारखंड अलग राज्य आंदोलन की लड़ाई को उन्होंने धार दी। उनकी जयंती हो या पुण्यतिथि हम सभी लोग उन्हें नमन करते हैं और उनकी सोच को आत्मसात कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं।
इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय और सिल्ली विधायक अमित महतो सहित बड़ी संख्या में झामुमो नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

This post has already been read 485 times!

Sharing this

Related posts