विकास भवन सभागार में “हिंदी दिवस का आयोजन! राष्ट्र निर्माण में हिंदी भाषा की अहम भूमिका:आयुक्त

रांची: हिंदी दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में प्रमंडलीय राजभाषा कार्यालय की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रमंडलीय आयुक्त श्री अंजनी कुमार मिश्र एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त दिनेश कुमार यादव, अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क शालिनी वर्मा एवं उप निदेशक राजभाषा गौतम कुमार उपस्थित थे। कार्यक्रम में सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
हिंदी दिवस के अवसर पर आयुक्त श्री अंजनी कुमार मिश्र ने सभी को हिंदी दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हिंदी पूरे देश को एकता के सूत्र में बांधे हुए है। देश की आजादी में हिन्दी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अन्य भाषाएं जब देश में कोई खास प्रभाव नहीं डाल पायी, तभी हिन्दी भाषा की महत्ता बढ़ गई। महात्मा गांधी जी ने कहा था कि हिंदुस्तानी भाषा पूरे भारत में प्रयोग की जानी चाहिए। आज के दिन को हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और महत्त्व को बढ़ावा देने के लिए समर्पित किया गया है। भारतीय इतिहास में हिंदी दिवस अपना एक खास महत्व रखता है, क्योंकि यह दिवस स्वतंत्रता संग्राम से भी जुड़ा हुआ है। आजादी के बाद 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को देवनागरी लिपि में भारत की आधिकारिक भाषा के रूप में घोषित किया।
हिन्दी दिवस को मनाने के पीछे एकमात्र उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक और भाषाई विविधता को जोड़ना और भाषाई गरिमा एवं उसके महत्व को सम्मानित करना है। हिन्दी को समर्पित यह दिवस प्रत्येक भारतवासी को एहसास कराता है कि हम हिन्दी हैं और हिन्दी हमारी पहचान है, जिसे आगे बढ़ाना चाहिए।

This post has already been read 481 times!

Sharing this

Related posts