अमित शाह ने दिल्ली में आईटीबीपी मुख्यालय का दौरा कर चीन सीमा पर संचालन तैयारियों की समीक्षा की

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को यहां भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) मुख्यालय का दौरा कर चीन से लगी वास्तविक नियंत्रण रेखा पर संचालनात्मक तैयारियों की समीक्षा की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। शाह के साथ गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय और गृह सचिव अजय भल्ला भी मौजूद थे। उन्होंने यहां लोधी रोड स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में बल के मुख्यालय में करीब चार घंटे बिताए।

मोदी सरकार में गृह मंत्री बनने के बाद सीमा की निगरानी करने वाले इस बल के मुख्यालय का शाह का यह पहला दौरा था। इससे पहले संचालनात्मक समीक्षा के लिये वह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के मुख्यालय का दौरा कर चुके हैं। सूत्रों ने कहा कि बल के महानिदेशक एस एस देसवाल के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों ने एक प्रजेंटेशन दिया और मंत्री को 3,488 किलोमीटर लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा पर बलों की तैनाती के बारे में जानकारी दी।

शाह ने जोर देकर कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सीमा पर तैनात जवानों को सभी साजो-सामान उपलब्ध हो और उनसे कहा कि हिमालयी सीमा को सुरक्षित बनाने के लिये आधुनिक उपकरणों और प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि मंत्री को बल द्वारा हाल में खरीदी गईं एसयूवी और पर्वतारोहण से जुड़े उपकरणों के बारे में भी जानकारी दी गई।आईटीबीपी की स्थापना 1962 में हुई थी।

This post has already been read 7597 times!

Sharing this

Related posts