झारखंड में शीत लहर जारी, अब तक छह की मौत

रांची। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में पिछले तीन-चार दिनों से शीत लहर जारी है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। ठंड के प्रभाव से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।लोग अपने घरों में दुबके रहे। राजधानी का नजारा ऐसा है कि रात नौ बजे के बाद बहुत ही कम लोग सड़कों पर दिख रहे हैं। ठंड को देखते हुए शहर के कई स्कूलों में कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी गयी है। सर्दी से अब तक झारखंड में छह लोगों की मौत हो चुकी है।

शहर के कई इलाकों में तीन-चार दिनों से आसमान में बादल छाये रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। तेज हवा से हाड़ कंपा देने वाली ठंड बढ़ गयी है। ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की है। ताकि लोग ठंड से बच सकें।

शनिवार को भी राज्य के कई जिलों में शीत लहर का प्रभाव है। हालांकि राजधानी रांची में सुबह में खिली धूप से लोगों को थोड़ी बहुत राहत मिली है। मौसम विभाग ने आशंका जतायी है कि राज्य के कई जिलों में एक से तीन जनवरी के बीच बारिश हो सकती है। इधर रांची जिला प्रशासन ने मेन रोड, कचहरी चौक, कोकर चौक सहित अन्य जगहों पर अलाव की व्यवस्था की है। एक प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि अभी कुछ जगहों पर अलाव की व्यवस्था की गयी है। जल्द ही अन्य और स्थानों पर भी अलाव की व्यवस्था की जायेगी।

उल्लेखनीय है कि झारखंड में अभी तक ठंड से छह लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें रांची के अनगड़ा में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। पारसनाथ में ठंड से मरने वालों में दो लोग जैन तीर्थ यात्री भी शामिल हैं। इसके अलावा बासुकीनाथ मंदिर में एक महिला की मौत हुई है। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हुई है।

This post has already been read 7058 times!

Sharing this

Related posts