- 140 कंपनी अर्धसैनिक बल की हुई तैनाती,
- तीसरे चरण में 12 दिसंबर को 17 सीटों पर होगा मतदान
रांची। झारखंड विधानसभा के तीसरे चरण के चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। तीसरे चरण के 8 जिलों के 17 विधानसभा सीटों के लिए 12 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। सुरक्षा के लिहाज से सभी विधानसभा सीटों पर केंद्र से मिले करीब 140 कंपनी सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। इसके अलावा जिला बल और गृह रक्षक को भी लगाया गया है। इनमें 11 विधानसभा क्षेत्र नक्सल प्रभावित क्षेत्र सुरक्षा के ख्याल से संवेदनशील हैं, जहां पुख्ता एवं कड़े इंतजाम किए गए हैं । इनमें बरही, मांडू, कोडरमा, सिमरिया, बड़कागांव, रामगढ़ ,धनवार, गोमिया, इचागढ़, सिल्ली और कांके शामिल है। इन क्षेत्रों में जंगलों में पुलिस के जवान की तैनाती की गई है, ताकि मतदान के दिन कोई व्यवधान उत्पन्न ना हो पाए। पुलिस मुख्यालय ने संबंधित जिलों के एसपी को यह निर्देश दिया है कि जो भी बल पहले से नक्सल विरोधी अभियान में लगे हुए हैं, उन्हें अभियान में ही रखना है, जो अतिरिक्त बल केंद्र से मिला है उसे शहरी एवं मतदान केंद्र की सुरक्षा में लगाना है। सभी पुलिस अधीक्षकों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वयं प्रत्येक बूथ की समीक्षा की और उसी के अनुसार बल प्रतिनियुक्त किया गया है। घोर अति नक्सल प्रभावित बूथों पर मतदान कर्मियों की हेली ड्रॉपिंग कराई जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से नक्सल प्रभावित इलाकों में हेलिकॉप्टर से भी निगरानी रखी जाएगी। एडीजी ऑपरेशन मुरारी लाल मीणा ने बताया कि चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए पर्याप्त संख्या में अर्धसैनिक बलों की नियुक्ति की गई है।

तीसरे चरण में 309 उम्मीदवार चुनाव मैदान में
चुनाव में कुल 309 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें 277 पुरुष और 32 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। विधानसभा सीटों के लिहाज से देखें तो सबसे ज्यादा 31 उम्मीदवार ईचागढ़ और सबसे कम 12-12 उम्मीदवार रांची और कांके विधानसभा सीट के लिए हैं। इसके अलावा कोडरमा में 17, बरकट्ठा में 20, बरही में 14 , बड़कागांव में 23, रामगढ़ में 25, मांडू में 22, हजारीबाग में 15, सिमरिया में 18, धनवार में 14, गोमियां में 15, बेरमो मे 20, सिल्ली में 15, खिजरी में 14 और हटिया में 22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
किस विधानसभा सीट के लिए कितनी महिला उम्मीदवार
महिला उम्मीदवारों की संख्या की बात करें तो कोडरमा में 2, बरही में 1 , बड़कागांव में 4 , रामगढ़ में 4 , मांडू में 2, हजारीबाग में 1. ,गोमियां में 1 , बेरमो मे 2., ईचागढ़ में 1 , सिल्ली में 1 , खिजरी में 4 , रांची में 4 , हटिया में 4 और कांके में 1 महिला उम्मीदवार चुनावी किस्मत आजमा रही हैं। जबकि, बरकट्ठा, सिमरिया और धनवार से एक भी महिला उम्मीदवार चुनाव नहीं लड़ रही हैं।
किस राजनीतिक दल से कितने पुरुष तथा महिला उम्मीदवार
तीसरे चरण में भारतीय जनता पार्टी के 15 पुरुष व 1 महिला, बीएसपी के 14 पुरुष व 1 महिला, सीपीआई के 9 पुरुष, सीपीआई एम के 1 पुरुष, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 7 पुरुष व 2 महिला, एनसीपी के 1 पुरुष, आजसू पार्टी के 12 पुरुष व 2 महिला, जेवीएम के 16 पुरुष व 1 महिला, झामुमो के 3 पुरुष व 3 महिला, राजद के दो पुरुष उम्मीदवार , तृणमूल कांग्रेस के 2 पुरुष व 1 महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। इस तरह मान्यता राष्ट्रीय औऱ राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के 93 उम्मीदवार चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं। इसके अलावा रजिस्टर्ड राजनीतिक दलों ( रजिस्टर्ड राष्ट्रीय व स्टेट पॉलिटिकल पार्टी के अलावा) के 104 पुरुष और 13 महिलाएं तथा निर्दलीय उम्मीदवारों में 93 पुरुष और 6 महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
रामगढ़, हजारीबाग और रांची विधानसभा क्षेत्र में होगा बूथ एप का इस्तेमाल
तीसरे चरण में रामगढ़, हजारीबाग और रांची विधानसभा क्षेत्र में बूथ एप का इस्तेमाल किया जायेगा। झारखंड विधानसभा चुनाव से पहली बार पूरे देश में बूथ एप के इस्तेमाल की शुरुआत हुई है। यहां प्रायोगिक तौर पर 81 विधानसभा सीटों में से 10 में बूथ एप का उपयोग किया जाना है। इसी के अंतर्गत तीसरे चरण में रामगढ़, हजारीबाग और रांची विधानसभा क्षेत्र में बूथ एप इस्तेमाल होगा। इससे पहले दूसरे चरण में जमशेदपुर पूर्व, जमशेदपुर पश्चिम और चाईबासा में बूथ एप का इस्तेमाल हो चुका है।
तीसरे चरण में इन सीटों पर होगा मतदान
झारखंड विधानसभा चुनाव के तहत तीसरे चरण में 12 दिसंबर को 17 सीटों पर मतदान होगा। इसमें कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, मांडू, हजारीबाग, सिमरिया ,बड़कागांव, रामगढ़, धनवार, गोमिया, बेरमो ,इचागढ़, सिल्ली, खिचरी, रांची, हटिया और कांके विधानसभा की सीटें शामिल हैं ।
This post has already been read 6349 times!