भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई : भाजपा

रांची । भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने कहा है कि भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार ने जीरो टोलरेंस की नीति अपनाई है। इसकी वजह से भ्रष्टाचारियों के बीच हड़कंप मच गया है।वर्मा ने शुक्रवार को कहा कि 2014 से पहले सरकारी पदाधिकारियों, कर्मचारियों या भ्रष्टाचार में लिप्त अन्य लोगों को लगता था कि वह कुछ भी कर लें और उन्हें कुछ नहीं होगा। पर 2014 में जब मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कमान संभाली तो उन्होंने साफ कर दिया कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को, चाहे वह कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा। वर्मा ने कहा कि एंटी करप्शन ब्यूरो को टाइट किया गया।

अन्य एजेंसियों को भी ऐसे मामले में सख्त निर्देश दिए गए। जनता के बीच यह भरोसा जताया गया कि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ शिकायत करने पर अवश्य कार्रवाई की जाएगी। पिछले पांच साल के अंदर बड़ी संख्या में एंटी करप्शन ब्यूरो ने भ्रष्टाचारियों को रंगे हाथों पकड़ा है। ऐसे मामलों में एसीबी की अदालत से कई भ्रष्टाचारियों को सजा भी हुई है।

वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार एकबार फिर सत्ता संभालेगी और जीरो टॉलरेंस की नीति आगे भी जारी रहेगी। राज्य में एक वातावरण बना है और जनता के बीच भरोसा पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की वजह से राज्य का तंत्र खोखला हो चुका था। 2014 से पूर्व किसी भी सरकार ने इस पर कार्रवाई नहीं की बल्कि उन्होंने इसे संरक्षण दिया और खुद भी इसमें लिप्त रहे। भाजपा ने जता दिया है कि मजबूत इच्छा शक्ति और नेतृत्व हो तो भ्रष्टाचार पर नकेल कसना संभव है।

This post has already been read 6513 times!

Sharing this

Related posts