‘सब कुशल मंगल’ का नया पोस्टर जारी, अगले साल 3 जनवरी को रिलीज होगी फिल्म

मुंबई। अक्षय खन्ना की आगामी फिल्म ‘सब कुशल मंगल’ का नया पोस्टर शुक्रवार को जारी हो गया है। फिल्म में अक्षय खन्ना के अलावा प्रियांक शर्मा और रीवा किशन भी मुख्य भूमिका में हैं। इसकी जानकारी फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने सोशल मीडिया पर दी। तरण ने ट्वीट किया -‘अक्षय खन्ना, प्रियांक शर्मा और रीवा किशन की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘सब कुशल  मंगल’ का नया पोस्टर जारी हो गया हैं। फिल्म के निर्देशक करण विश्वनाथ कश्यप है। यह फिल्म 3 जनवरी, 2020 को रिलीज होगी।’ इस पोस्टर में अक्षय खन्ना सफेद कुर्ता-पजामा के साथ गले में पीले रंग का दुपट्टा लिए हुए है। लम्बी मूंछ और गले में रुद्राक्ष की माला पहने अक्षय एकदम अलग लुक में नजर आ रहे हैं। वहीं प्रियांक शर्मा सफेद शर्ट और जींस पहने हुए हैंडसम लग रहे हैं। उन्होंने हाथ में काले रंग की घड़ी पहन रखी हैं। पोस्टर में उन दोनों के बीच एक केसरिया रंग की पगड़ी रखी हुई है, जिसे लेने के लिए दोनों में होड़ लगी हुई हैं। पोस्टर में रीवा किशन भी नजर आ रही हैं, जो नीले रंग के सूट में दोनों अभिनेताओं के पास खड़ी होकर पगड़ी को देख रही हैं। फिल्म का ट्रेलर इसी साल 3 दिसम्बर को जारी किया जायेगा। ‘सब कुशल मंगल’ की कहानी बिहार में प्रचलित ‘पकड़ौआ विवाह’ पर आधारित है। अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे के बेटे प्रियांक शर्मा और अभिनेता रवि किशन की बेटी रीवा किशन की यह डेब्यू फिल्म है। इस फिल्म के निर्माता नितिन मोहन हैं। यह फिल्म अगले साल 3 जनवरी को  सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

This post has already been read 5866 times!

Sharing this

Related posts