मुंबई । पुणे-मुंबई नेशनल हाइवे पर सोमवार की भोर में एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गयी है, जबकि 25 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में दो वर्ष का एक बच्चा भी शामिल है। बस में चालक समेत कुल 49 यात्री सवार थे।यह दुर्घटना खंडाला और पडलसरी के बीच बोरघाट में हुई। बस कराड से मुंबई की ओर आ रही थी। इसी दौरान एक मोड़ पर चालक का नियंत्रण बस से छूट गया और बस पेड़ों से टकराते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गयी।
दीपावली की छुट्टियां समाप्त होने पर लोग अपने गांव से मुंबई लौट रहे थे। स्कूल-कॉलेज की छुट्टियां समाप्त होने से कई विद्यार्थी भी बस में थे। हाइवे पुलिस, देवदूत संस्था के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
This post has already been read 6657 times!