विपक्षी दलों ने देश की भावना के साथ खिलवाड़ किया: भाजपा प्रवक्ता

खूंटी।  झामुमो, कांग्रेस व झाविमो सहित अन्य विपक्षी पार्टियों ने देश की भावना के खिलाफ काम किया है। वे देश के राष्ट्रवाद के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। ये सभी दल जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का विरोध कर रहे थे, जबकि अनुच्छेद 370 के हटने का सबसे अधिक लाभ जम्मू-कश्मीर में रहने वाले आदिवासियों को होगा। ये बातें भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कही। वह सोमवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

शाहदेव ने कहा कि गैर संवैधानिक पत्थलगड़ी में धर्मांतरण कराने वालों का हाथ है और इसके लिए विदेशों से पैसा आता है। इसमें राष्ट्र विरोधी ताकतें शामिल हैं।  उन्होंने कहा कि इसकी सीआइडी जांच भी करायी जा रही है। सरकार ने ऐसी शक्तियों की पहचान कर ली है। 

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है। विपक्ष के पास अब तक दूल्हा नहीं है और उन्होंने बारात निकाल दी है। महागठबंधन में विशेष धर्म के धर्मगुरु शामिल हैं, जो वोट मांगने का काम करते हैं। चुनाव आयोग से इन धर्मगुरुओं पर नकेल कसने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि झामुमो की बदलाव यात्रा पूरी तरह से फ्लॉप रही। वह बदलाव यात्रा नहीं, बल्कि भटकाव यात्रा थी। आज के दौर में कांग्रेस की बात ही नहीं होनी चाहिए। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष तो अपने सहयोगी दलों को चोर कहते हैं। शाहदेव ने कहा कि खूंटी जिले में नक्सल घटनाओं में पहले की अपेक्षा कमी आयी है।

This post has already been read 7220 times!

Sharing this

Related posts