मुंबई । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राहुल गांधी भाजपा के लिए शुभ व लाभदायक हैं। राहुल गांधी महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार के लिए आ गए तो यहां शत-प्रतिशत भाजपा गठबंधन की सरकार बनना तय हो गया।
योगी आदित्यनाथ ने मराठवाड़ा विभाग की उमरखेड विधानसभा क्षेत्र में भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार नामदेव ससाने की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।
योगी ने कहा कि यहां प्रचार के लिए आने पर विमानतल पर जब पूछा कि कौन-कौन आज प्रचार कर रहा है। उस समय उन्हें बताया गया कि आज राहुल गांधी महाराष्ट्र में प्रचार कर रहे हैं। योगी ने कहा कि उसी समय उन्हें आभास हो गया कि महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया। योगी ने कहा कि राहुल गांधी भाजपा के लिए इतने शुभ व लाभदायक है कि जहां भी उनकी सभा होती है लाभ भाजपा को ही मिलता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही एक ही झटके में अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी कर दिया। इससे देश में आतंकवाद व नक्सलवाद का पूरी तरह से खात्मा हो जाएगा। योगी ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में विकासशील सरकार चल रही है। महाराष्ट्र के कई जिले जब बाढ़ से डूबे थे, उस समय राहुल गांधी विदेश की सैर कर रहे थे। लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस यहां बाढ़पीडि़तों की हर स्तर पर मदद के लिए दिन रात एक कर रहे थे। योगी ने कहा कि महाराष्ट्र में विकास कार्य के लिए देवेंद्र फडणवीस हमेशा तत्पर रहते हैं। इस क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार भी देवेंद्र फडणवीस के जैसे ही काम करने वाले हैं।
This post has already been read 6671 times!