रांची। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा है कि कांग्रेस और जेएमएम के नेता लगातार राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और विकास नहीं करने का बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। इन्हें याद रखना चाहिए कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने तो अपने पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में महागठबंधन के सहयोगी दलों की स्थिति स्पष्ट करते हुए इन सबों की तुलना चोरों से कर दी थी।
शाहदेव ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए अपने सहयोगी नेताओं को अपराधियों से बदतर बताया था। हेमंत सोरेन ने भी अपने ट्विटर चौपाल में अपने सहयोगी दलों को कंकड़-पत्थर बताया था। अब इन दल के नेता ही बता सकते हैं की महागठबंधन में चोर कौन है, कंकड़-पत्थर और अपराधी कौन है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास की जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहे अपार जनसमर्थन से विपक्षी नेता सकते में हैं। लोकसभा चुनाव में इनकी लुटिया पहले ही डूब चुकी है, विधानसभा चुनाव में इनका पूरा सफाया तय है। इसलिए ये नेता बेबुनियाद आरोप लगाकर राज्य सरकार की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
This post has already been read 5751 times!