भाजपा करेगी सोरेन परिवार की संपत्ति की जांच की मांग

रांची। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा है कि झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और प्रतिपक्ष के नेता हेमंत सोरेन ने पूरे राज्य में जो जमीन खरीदी है और संपत्ति बनायी है, उसकी जांच के लिए जल्द ही सक्षम प्राधिकार के पास आवेदन दिया जायेगा। शाहदेव ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि सोरेन परिवार की संपत्ति की जांच कर कार्रवाई की मांग की जायेगी। उन्होंने हेमंत पर पलटवार करते हुए उनसे कई मुद्दे पर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने हेमंत सोरेन से जानना चाहा कि उनका रवि केजरीवाल से कोई व्यवसायिक संबंध है, तो उसे स्पष्ट करें। उन्होंने कहा कि रवि केजरीवाल की कई बेनामी कंपनी है। इनमें किनका पैसा लगा हुआ है, यह जाँच के दायरे में है। उन्होंने जानना चाहा कि 32 शैल कंपनियों में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से किसकी भागीदारी है।

शाहदेव ने कहा कि झारखंड में सीएनटी-एसपीटी कानून का सबसे अधिक उल्लंघन सोरेन परिवार ने किया है। गोला के रहने वाले हेमंत सोरेन बताये कि उन्होंने झारखंड में अलग अलग जिलों में जमीन खरीदी है, उसकी वास्तविक कीमत क्या है।

उन्होंने कहा कि सोरेन परिवार ने पहले सीएनटी-एसपीटी कानून का उल्लंघन कर राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में गरीब आदिवासियो की जमीन खरीदी। फिर उसे कानूनी रूप देने के लिए हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री बनने के बाद सीएनटी-एसपीटी कानून में संशोधन के लिए 18 सितम्बर 2014 को हस्ताक्षर किया था। हेमंत  बताये यह सच है या नहीं। साथ ही सीएनटी की धारा 21 एवं एसपीटी की धारा 13 के अन्तर्गत गैर कृषि उपयोग के लिए गैर कृषि लगान की वसूली का प्रस्ताव तैयार कराया था या नहीं।

उन्होंने कहा कि सोरेन जब मुख्यमंत्री बने तो बालू घाटों को मुंबई के ठेकेदारो के बेचने का काम किया। ऐसा उन्होंने किया था या नहीं, बतायें।

शाहदेव ने पूछा कि हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन की कंपनी ग्रैंड माइनिंग को पाकुड़ में अवैध खनन के लिए 12 करोड़ का जुर्माना लगाया गया है या नहीं। वह बतायें कि यह मामला अभी न्यायालय में लंबित है या नहीं। यह कंपनी पाकुड़ से पत्थर निकाल कर बाहर देश विदेश में भेजने का काम करती है। इसी कंपनी के तार 16 अन्य कंपनियों से जुड़े हुए हैं। 

This post has already been read 7175 times!

Sharing this

Related posts