वाशिंगटन। भारत –अमेरिका रक्षा सहयोग के तहत वाशिंगटन में दोनों देशों की सेनाओं का संयुक्त अभ्यास चल रहा है। इस दौरान स्थानीय सिख समुदाय के लोगों ने सैनिकों के लिए लंगर का आयोजन किया जिसकी खूब चर्चा हो रही है। विदित हो कि रक्षा क्षेत्र में संबंध प्रगाढ़ करने और तकनीकी आदान-प्रदान करने के लिए दोनों देशों की सेना यहां संयुक्त अभ्यास कर रही है। इस सैन्य अभ्यास का नाम ‘युद्ध अभ्यास 2019’ दिया गया है। वाशिंगटन के लुईस मैककार्ड में चल रहे इस संयुक्त अभ्यास के दौरान स्थानीय सिख स्वयं सेवकों ने जवानों के लिए लंगर लगाया और दोनों सेनाओं के जवानों को खिलाया। सिखों के इस भाव की सोशल मीडिया पर भी खूब तारीफ हो रही है। ट्विटर पर लोगों ने लखा है कि भारतीय संस्कृति हर जगह अपनी छाप छोड़ रही है। यह अभ्यास 13 सितंबर से लेकर 18 सितंबर तक चलेगा। अधिकारियों ने कहा कि दोनों देशों की सेनाएं संयुक्त रूप से अच्छी तरह से विकसित अभियानों की एक श्रृंखला क्रियान्वित करेंगी। इस दौरान वे विभिन्न प्रकार के खतरों से निपटने के तरीके सीखेंगे। उल्लेखनीय है कि भारत और अमेरिका के बीच वैकल्पिक रूप से आयोजित संयुक्त अभ्यास का यह 15वां संस्करण है। इसमें कार्रवाई से लेकर नियोजन तक हर तरह की तैयारी की जाएगी।
This post has already been read 7997 times!