हनोई। वियतनाम में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश के कारण बाढ़़ और भूस्खलन में पांच लोगों की मौत हो गई है और तीन लोग लापता हो गए हैं। यह जानकारी शुक्रवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली। समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, गुरुवार दोपहर तक केन्द्रीय हा तिन्ह प्रांत में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि केंद्रीय क्वांग बिन्ह प्रांत और उत्तरी लाओ में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। देश की आपदा प्रबंधन समिति ने शुक्रवार को कहा कि तीन लापता लोगों में दो लाओ कै प्रांत और एक क्वांग बिन्ह प्रांत से हैं। उल्लेखनीय है कि जनवरी से अगस्त तक वियतनाम में प्राकृतिक आपदा, तूफान, बाढ़, चक्रवात से 75 लोग मारे गए हैं या लापता हुए हैं जबकि 77 लोग घायल हुए हैं। इतना ही नहीं 685 घर भी नष्ट हुए हैं और 19000 अन्य घरों को नुकसान पहुंचा है। साथ ही धान और अन्य फसलों को भी नुकसान हुआ है। संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम के अनुसार, वियतनाम प्राकृतिक आपदाओं और जलवायु परिवर्तन से सबसे अधिक प्रभावित देशों में से एक है। यह हर साल औसतन छह या सात तूफानों का सामना करता है।
This post has already been read 8950 times!