हेमंत ने लिया जन्मदिन पर लालू से आशीर्वाद, कहा गठबंधन में मजबूती से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष और प्रतिपक्ष के नेता हेमंत सोरेन ने शनिवार को रिम्स में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की और अपने जन्मदिन पर उनका आशीर्वाद लिया। मुलाकात के बाद बाहर निकलने पर हेमंत सोरेन ने कहा कि मुझे मेरे जन्मदिन पर लालू का आशीर्वाद मिला है। उन्होंने मुझे अपनी जीवनी पर लिखी एक किताब गोपालगंज से रायसीना भेंट की है। लालू की तबीयत पर उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत में बहुत ज्यादा सुधार नहीं है।

हेमंत ने कहा कि मौजूदा राजनीति और झारखंड विधानसभा चुनाव पर भी लालू से लंबी बातचीत हुई। लालू ने महागठबंधन में रहकर पूरी मजबूती से चुनाव लड़ने की सलाह दी है ताकि राज्य में रघुवर दास की सरकार को उखाड़ फेंका जा सके। भाजपा के खिलाफ वोटों का बिखराव रोकने के लिए वे विपक्षी गठबंधन के पक्षधर हैं।

लोकसभा चुनावों में करारी हार के बाद से बिहार और देश की राजनीति से लापता चल रहे तेजस्वी  यादव के बारे में पूछे गये सवाल पर हेमंत ने कहा कि विपक्ष एकजुट है और तेजस्वी बहुत जल्द झारखंड आएंगे। तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी से भी उनकी बात हुई है।

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू द्वारा शनिवार को शुरू की गई रघुवर सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना पर हेमंत ने कहा कि राज्य के मालिकों को इस सरकार ने भिखारी बना दिया है। यह आशीर्वाद योजना नहीं खैरात योजना है। राज्य में किसानों की स्थिति बद से बदतर है। झारखंड को खैरात नहीं उसका अधिकार चाहिए। इसकी लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेंगे।

राजद के झारखंड प्रदेश अध्यहक्ष अभय कुमार सिंह और बिहार के दरभंगा के विधायक ललित यादव ने भी लालू से मुलाकात की। उल्लेखनीय है कि जेल मैनुअल के अनुसार हर शनिवार को लालू से तीन लोगों को मिलने की अनुमति है।

This post has already been read 8660 times!

Sharing this

Related posts