सोनिया और राहुल ने नए अध्यक्ष के चुनाव से खुद को किया अलग

नई दिल्ली । कांग्रेस कार्यसमिति नए प्रमुख के चुनाव करने के लिए एक बार फिर देर शाम बैठक करेगी। उसके बाद नए अध्यक्ष का नाम सामने आएगा। इससे पहले कांग्रेस संसदीय पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी और अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे चुके राहुल गांधी ने नए अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया से खुद को अलग कर लिया है।

नए कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए शनिवार को कांग्रेस कार्यसमिति की सुबह 11 बजे मुख्यालय 24 अकबर रोड पर बैठक हुई। विस्तृत कार्यसमिति की बैठक में शीर्ष नेताओं और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्षों ने भी भाग लिया। बैठक के दौरान कार्यसमिति को पांच समूहों में देशभर के क्षेत्रों के अनुसार बांट दिया गया। यह समूह क्षेत्र अनुसार पार्टी के राज्यों के नेतृत्व से अगले अध्यक्ष के बारे में चर्चा करेंगे। इसी बीच पूरी प्रक्रिया से सोनिया गांधी और राहुल गांधी खुद को अलग कर दिया।

सोनिया गांधी ने कार्यसमिति की बैठक से बाहर आते हुए पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सीडब्ल्यूसी नए अध्यक्ष के चयन पर विचार कर रही है, ऐसे में स्वभाविक कि हम इसका हिस्सा नहीं होंगे। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्रवार बने समूहों में उनका नाम होने को एक गलती बताया। सोनिया को पूर्वी क्षेत्र और राहुल को पश्चिमी क्षेत्र के कांग्रेस नेतृत्व से चर्चा करने वाले समूह में शामिल किया गया था।

कांग्रेस कार्यसमिति की लगभग ढाई घंटे चली बैठक के बाद कांग्रेस के लोकसभा में नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि पार्टी कार्यसमिति एक बार फिर रात को बैठक करेगी। उन्हें आशा है कि 9 बजे तक अगले अध्यक्ष का नाम तय हो जाएगा।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सूरजेवाला ने बताया कि बैठक में राहुल गांधी ने अपना इस्तीफा वापस लेने से इनकार करते हुए कांग्रेस कार्यसमिति में शामिल पार्टी नेताओं का धन्यवाद दिया और कहा कि नए अध्यक्ष का विस्तृत चर्चा के बाद चयन किया जाना चाहिए। राहुल ने लोकतांत्रिक और पारदर्शी व्यवस्था बनाने के लिए स्वयं को और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी खुद को चयन की पूरी प्रक्रिया से अलग कर लिया। उन्होंने कहा कि कार्यसमिति को पांच समूहों में बांटा है जो चर्चा कर रहे हैं। वे सभी रात में होने वाली सीडब्ल्यूसी की बैठक में रिपोर्ट पेश करेंगे। इसके बाद नए अध्यक्ष का चयन होगा।

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक की शुरुआत में पहले राहुल गांधी से अपना इस्तीफा वापस लेने का आग्रह किया गया। राहुल के इस आग्रह को अस्वीकार करने के बाद नए अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई। उधर कांग्रेस मुख्यालय में चल रही बैठक के दौरान पार्टी कार्यकर्ता राहुल गांधी के समर्थन में बाहर नारे लगाते रहे।

This post has already been read 6692 times!

Sharing this

Related posts