रांची। विश्व चैंपियन पॉवर लिफ्टर सुजाता भकत ने शनिवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में प्रदेश महामंत्री सह मुख्यालय प्रभारी दीपक प्रकाश ने उन्हें पुष्प गुच्छ देकर पार्टी में उनका स्वागत किया और सदस्यता दिलायी।
इस मौके पर दीपक प्रकाश ने कहा कि पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों एवं नेतृत्व पर भरोसा करके सभी क्षेत्रों के लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैंं। उन्होंने कहा कि खेल जगत की बड़ी हस्तियां भी पार्टी से जुड़ रही हैंं। अभी हाल ही में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने 400 खिलाड़ियों को नगड़ी में पार्टी की सदस्यता दिलाई थी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास मंत्र पर और पार्टी सर्व स्पर्शी और सर्व व्यापी के साथ आगे बढ़ रही है। इस अवसर पर सुजाता भकत ने कहा कि वे खेल के साथ पार्टी के माध्यम से समाजसेवा से जुड़ना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही देश को मजबूत और विकसित भारत बनाने में सक्षम है। समारोह में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने बताया कि सुजाता भकत ने पुलिस सेवा से हाल ही में वीआरएस लिया है। उन्होंने 2011 व 2012 में एशिया गोल्ड मेडल और 2014 एशिया क्लासिक गोल्ड, 2015 में एशिया एंड यूरोप गोल्ड मेडल, 2017 वर्जिनिया यूएसए, वर्ल्ड पुलिस गोल्ड और 2018 में वर्ल्ड पुलिस गेम लॉस एंजेल्स यूएसए में गोल्ड जीता है।
This post has already been read 7931 times!