धनबाद। झारखंड अलग राज्य निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले स्व. बिनोद बिहारी महतो की महुदा मोड़ स्थित प्रतिमा को शनिवार की रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे आम लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। लोग सड़क जाम कर घटना का विरोध कर रहे हैं। पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो ने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
रविवार सुबह महुदा मोड़ से गुजरते लोगों की नजर बिनोद बिहारी महतो की प्रतिमा पर गई तो वह हैरान रह गए। धड़ से सिर अलग प्रतिमा के नीचे पड़ा था। देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गई। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दी। सूचना पाकर कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो भी पहुंचे। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की। श्री महतो ने बाघमारा डीएसपी, ग्रामीण एसपी एवं जिले के एसएसपी को फोन कर मामले की जानकारी दी। आक्रोशित लोगों को पुलिस समझाने का प्रयास कर रही है।
This post has already been read 6529 times!