रघुवर शासन में सभी नागरिक असुरक्षित :सालखन मुर्मू

रांची। झारखंड जनता दल(यू) के प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने रघुवर दास की झारखण्ड सरकार पर आरोप लगाया है कि      उसके शासनकाल में आदिवासी,मूलवासी(सदान)व सभी स्तर के नागरिक असुरक्षित हैं। आए दिन बड़े पैमाने पर हत्याएं, डकैतियां, लूट, चोरी व छिनतई जैसे अपराध हो रहे हैं और अपराधियों को शासन–प्रशासन का भय नहीं है। इसके अलावा बड़े पैमाने पर महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदाते  हो रही है।

उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर राज्य सरकार ने कड़ी दण्डात्मक कार्रवाई नहीं की तो उनकी पार्टी सरकार के खिलाफ आंदोलनात्मक कदम उठाएगी। मुर्मू ने बुधवार को कहा कि रघुवर दास के नेतृत्व में भ्रष्टाचार चरम पर है और बेखौफ होकर गरीबों, आदिवासियों व दलितों की जमीनें फर्जी कागज़ी खानापूर्ति कर लूटी जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं में भी लूट और भ्रष्टाचार से राज्य के नागरिक परेशान हैं। उन्होंने कहा कि अनेकों बार जिम्मेदार लोगों के तानाशाही एवं लापरवाह रवैये से लोगों की मौतें हो रही है। फिर भी सरकार मौन रहकर ऐसे तत्वों को बढ़ावा दे रही है। इससे दिन प्रतिदिन मरीजों की मौत का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से सम्बंधित बड़े अधिकारियों पर आए दिन घोटाले का आरोप  मंत्री  तक लग रहा है, इसके बावजूद भी दोषियों के विरुद्ध कारवाई के नाम पर लीपा-पोती हो रही है, जो जनहित के विपरीत है। 
मुर्मु ने कहा कि पार्टी राज्य के मुख्यमंत्री , उनके कैबिनेट मंत्रियों तथा उच्च अधिकारियों से मांग करती है की हत्याएं, दुष्कर्म, डकैती, भ्रष्टाचार, लूट, छिनतई व लापरवाही के मामलों के दोषियों के विरुद्ध कड़ी दण्डात्मक कार्रवाई  करे ताकि झारखंड की जनता सुरक्षित रहकर अपना जीवन बसर कर सकें। उन्होंने कहा कि अगर सरकार दोषियों पर कार्रवाई नहीं करती है और जनता इसी प्रकार प्रताड़ित होती रही तो बाध्य होकर जनता दल(यू) जनहित में सरकार के खिलाफ आंदोलनात्मक कदम उठाएगी। 

This post has already been read 7263 times!

Sharing this

Related posts